अग्निशमन विभाग, एनएचएआई की एम्बुलेंस और राहत-बचाव दल ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया. ट्रेलरों के बुरी तरह फंस जाने के कारण चालक तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई.
- चुरामनपुर के पास तड़के हुआ हादसा. एक लेन पर लगा वाहनों का लंबा जाम
- मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस, दूसरे लेन से चलता रहा आवागमन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राष्ट्रीय राजमार्ग 922 के पटना-बक्सर फोरलेन पर बुधवार की अहले सुबह हुए सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई. हादसा औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर के समीप हुआ, जहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए. टक्कर के बाद एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. हादसे के कारण फोरलेन की एक लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि, प्रशासन ने दूसरे लेन से यातायात चालू कर स्थिति को नियंत्रित रखा.
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना प्रभारी सुरेश कुमार यातायात तथा निरीक्षक इंद्रजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अग्निशमन विभाग, एनएचएआई की एम्बुलेंस और राहत-बचाव दल ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू किया. ट्रेलरों के बुरी तरह फंस जाने के कारण चालक तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई.
करीब चार घंटे तक चले राहत अभियान में दो क्रेन और एक बुलडोजर की मदद से दोनों ट्रेलरों को अलग किया गया. इसके बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया गया.
औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि मृत चालक की पहचान भरत यादव (47 वर्ष), पिता खरपतु यादव, ग्राम उमरऋषि, पोस्ट डोमाडीह, थाना गंभीरपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है.





.png)









0 Comments