कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया.

- कारगिल विजय दिवस पर अभाविप का अनोखा दीपोत्सव, शहीद स्मारक पर उमड़ा युवाओं का जनसैलाब
- वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का लिया संकल्प
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कारगिल विजय दिवस पर बक्सर की शाम शहीदों के नाम रही. कँवलदह पोखरा स्थित शहीद स्मारक सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बक्सर नगर इकाई ने दीपोत्सव एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर कारगिल के अमर वीरों को नमन किया. दीपों की लौ के बीच गूंजते भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रियांशु शुभम ने किया. उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया.
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने की अपील
विभाग संयोजक अविनाश पांडे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण का प्रतीक है. हमारे सैनिकों के बलिदान के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं. उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और शहीदों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया.
कारगिल के वीर हमेशा रहेंगे प्रेरणास्रोत
जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि कारगिल के वीरों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा. उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता.
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का दिया संदेश
नगर मंत्री विवेक पांडेय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल जीत का उत्सव नहीं, बल्कि मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी है. प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए.
देशभक्ति की भावना मजबूत करने का माध्यम बने ऐसे आयोजन
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह ने कहा कि अभाविप राष्ट्रभक्ति, सेवा और संस्कार के मूल्यों को लेकर लगातार कार्य कर रही है. ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और शहीदों की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं.
मौन रखकर लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया. धन्यवाद ज्ञापन दुर्गेश पांडेय ने किया.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
इस अवसर पर अजीत कुमार, शुभांकित पांडेय, हिमांशु कश्यप, सौरभ चौबे, सुधांशु ओझा, राहुल कुमार, नितेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.





.png)









0 Comments