वीडियो : धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बक्सर में सियासी ‘महाभारत’, कांग्रेस बोली- युवाओं ने तोड़ा सरकार का घमंड, भाजपा ने कहा- राष्ट्रहित में लिया फैसला ..

इस्तीफे को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं. कांग्रेस जहां इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के आंदोलन की बड़ी जीत बता रही है, वहीं भाजपा ने इसे सरकार के झुकने का परिणाम मानने से साफ इनकार किया है.





                             



- पंकज उपाध्याय ने इस्तीफे को छात्रों की ऐतिहासिक जीत बताया, कंचन देवी ने पलटवार कर विपक्ष पर युवाओं को बरगलाने का लगाया आरोप
- परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा, भाजपा ने कहा- पद से बड़ा राष्ट्र और युवाओं का भविष्य

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर बक्सर की सियासत में भी उबाल आ गया है. इस्तीफे को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं. कांग्रेस जहां इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के आंदोलन की बड़ी जीत बता रही है, वहीं भाजपा ने इसे सरकार के झुकने का परिणाम मानने से साफ इनकार किया है. दोनों दलों के नेताओं के बयान सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.

सुनिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष का बयान



कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के युवाओं की जीत करार दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरे देश में छात्रों और युवाओं ने अपनी आवाज बुलंद की, उससे साबित हो गया कि जनता से बड़ा कोई नहीं है. उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोगों के बयानों में अहंकार और तानाशाही का रवैया दिखाई देता था. पंकज उपाध्याय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसी अहंकार की हार है.

उन्होंने कहा कि सिर्फ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से परीक्षा व्यवस्था की सारी खामियां दूर नहीं होंगी और पेपर लीक जैसी घटनाएं भी खत्म नहीं हो जाएंगी. हालांकि, इससे सरकार में बैठे लोगों के बीच यह संदेश जरूर जाएगा कि गलत फैसलों और लापरवाही की कीमत पद गंवाकर चुकानी पड़ सकती है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि देश में परीक्षा संचालन की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और पेपर लीक रोकने के लिए कड़े नियम बनाकर उनका सख्ती से पालन कराया जाए.

भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष का बयान

कांग्रेस के ‘घमंड’ वाले बयान पर भाजपा का जोरदार पलटवार

कांग्रेस के हमले पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने पलटवार करते हुए कहा कि सरकार किसी दबाव में नहीं झुकी है. उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को यह सिखाया जाता है कि कोई भी पद स्थायी नहीं होता और पद से पहले राष्ट्र सर्वोपरि होता है.

कंचन देवी ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के आंदोलन की आड़ में विपक्ष अपनी राजनीतिक मंशा साधने और युवाओं को बरगलाने की कोशिश कर रहा था. उन्होंने कहा कि देश का युवा ही राष्ट्र का भविष्य है. यदि युवाओं को गलत तरीके से बरगलाया जाता है तो इसका नुकसान पूरे देश को उठाना पड़ सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार और नेतृत्व ने राष्ट्रहित तथा युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बक्सर में शुरू हुई यह सियासी भिड़ंत अब आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़ती दिख रही है. कांग्रेस इसे युवाओं के दबाव की जीत बता रही है, जबकि भाजपा इसे राष्ट्रहित में लिया गया फैसला बताकर विपक्ष के दावे को खारिज कर रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बक्सर की सियासत और गरमाने के आसार हैं.












Post a Comment

0 Comments