छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी. कार्यक्रम का उद्देश्य यह संदेश देना था कि किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है.
- 'पुलिस दीदी' अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में चला महिला जागरूकता कार्यक्रम
- साइबर ठगी, छेड़खानी और आपात स्थिति से निपटने के बताए आसान उपाय
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : छात्राओं को आत्मविश्वासी, जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बक्सर पुलिस ने जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 'पुलिस दीदी' कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी. कार्यक्रम का उद्देश्य यह संदेश देना था कि किसी भी तरह की परेशानी या अपराध की स्थिति में पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है.
महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
डुमरांव फाउंडेशन स्कूल के आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न, धमकी या हिंसा की घटना को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देनी चाहिए.
साइबर अपराध से बचने के बताए उपाय
बदलते डिजिटल दौर में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया गया. सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक से बचाव, ओटीपी या निजी जानकारी साझा नहीं करने जैसी महत्वपूर्ण बातें विस्तार से समझाई गईं.
112 और 1930 हेल्पलाइन की उपयोगिता समझाई
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए 1930 हेल्पलाइन के उपयोग की जानकारी दी. बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक इन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है.
खुलकर समस्याएं साझा करने की अपील
कार्यक्रम में छात्राओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति, धमकी या उत्पीड़न का सामना करने पर चुप रहने के बजाय तुरंत परिवार, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें.
जिज्ञासाओं का किया समाधान
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया. साथ ही उन्हें आत्मरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े कई उपयोगी सुझाव भी दिए.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार चलेगा अभियान
बक्सर पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से भविष्य में भी जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 'पुलिस दीदी' जैसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे.





.png)










0 Comments