मेजबान बक्सर के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. अंडर-13 वर्ग में हर्ष राज, अंश राज वर्मा, आरव सक्सेना और श्रेयांश राज ने अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया.
- 100वीं बिहार राज्य सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता में खेले गए 50 मुकाबले
- बक्सर के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अगले दौर में बनाई जगह
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : 100वीं बिहार राज्य सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों का जोश और उत्साह चरम पर रहा. सोमवार को बक्सर में आयोजित प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर दिया. पूरे दिन कोर्ट पर कड़ी टक्कर देखने को मिली और खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरा दमखम झोंक दिया.
आयोजन समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रतियोगिता के दूसरे दिन का उद्घाटन बिहार बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ. इस दौरान बक्सर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष नंद लाल जायसवाल, सचिव उमेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एम. के. एन. जायसवाल, उपाध्यक्ष क्रांति सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
दूसरे दिन खेले गए 50 मुकाबले
दूसरे दिन अंडर-13 और अंडर-15 वर्ग के कुल 50 मुकाबले आयोजित किए गए. इनमें से 40 मैचों का परिणाम घोषित किया गया. कई मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जबकि कुछ मैच तीन सेट तक चले.
बक्सर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान
मेजबान बक्सर के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया. अंडर-13 वर्ग में हर्ष राज, अंश राज वर्मा, आरव सक्सेना और श्रेयांश राज ने अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया. खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर स्थानीय दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं.
राज्यभर से पहुंचे खिलाड़ी
प्रतियोगिता में पूर्णिया, औरंगाबाद, वैशाली, बेगूसराय, भागलपुर, पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधुबनी, गोपालगंज, कटिहार, भोजपुर, रोहतास, मोतिहारी, मुंगेर सहित कई जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल से चयनकर्ताओं और दर्शकों को प्रभावित किया.
मंगलवार को होंगे अगले दौर के मुकाबले
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के अगले दौर के मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे. प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बक्सर जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी और स्वयंसेवक लगातार व्यवस्था में जुटे हुए हैं. खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह का रोमांच और उच्च स्तरीय खेल देखने को मिलेगा.





.png)









0 Comments