रामरेखा घाट मंदिर न्यास समिति का गठन आगे बढ़ा, लॉटरी से चुने गए पदाधिकारी व सदस्य ..

बताया गया कि चयनित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की अनुशंसित सूची जिला पदाधिकारी, बक्सर के माध्यम से बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना को अनुमोदन के लिए भेजी जा रही है.



                             


  • अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई चयन बैठक.
  • अनुमोदन के लिए बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद को भेजी जाएगी सूची.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : श्री रामेश्वर नाथ मंदिर सेवाश्रम न्यास समिति, रामरेखा घाट के पुनर्गठन की प्रक्रिया ने मंगलवार को महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया. अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के रिक्त पदों के लिए लॉटरी प्रणाली से पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन किया गया. चयनित नामों को अब अनुमोदन के लिए बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना भेजा जाएगा.

बैठक अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें समिति के उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं सदस्य पद के लिए आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था. निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी पदों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया.

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद तेज हुई प्रक्रिया

बैठक में बताया गया कि पटना उच्च न्यायालय में दायर वाद संख्या 17322/2022 में 23 जुलाई 2024 को पारित आदेश के अनुसार 11 सदस्यीय न्यास समिति का गठन शीघ्र करने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने जिला पदाधिकारी बक्सर को समिति गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया.

स्थायी समिति गठन का मिला था निर्देश

अपर समाहर्ता, बक्सर के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी को स्थायी समिति के गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसी क्रम में मंगलवार को बैठक बुलाकर चयन प्रक्रिया पूरी की गई.

ये बने समिति के पदाधिकारी

लॉटरी के माध्यम से शिवजी चौरसिया को उपाध्यक्ष, पवन कुमार को सचिव तथा भैरवनाथ वर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया. वहीं सदस्य के रूप में आराधना कुमारी, अभिषेक कुमार, अरविंद कुमार चौबे, नंदलाल जायसवाल, शशिकला चौबे, रेणु कुमारी और रुपेश कुमार चौरसिया का चयन किया गया.

अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी सूची

बैठक के अंत में बताया गया कि चयनित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की अनुशंसित सूची जिला पदाधिकारी, बक्सर के माध्यम से बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना को अनुमोदन के लिए भेजी जा रही है. परिषद की स्वीकृति मिलने के बाद नई न्यास समिति औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेगी.













Post a Comment

0 Comments