पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है. बरामद हथियार और अन्य सामान की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
- गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, दुकान से देसी कट्टा, तीन गोली, शराब और पांच मोबाइल बरामद
- मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि, एक आरोपी ने हथियार छिपाने की कोशिश की
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : डुमरांव में एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान शराब पार्टी का अड्डा बनी हुई थी. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने जब छापेमारी की तो दुकान के अंदर तीन युवक शराब पीते मिले. तलाशी के दौरान वहां से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा गोली, शराब की बोतल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि डुमरांव स्थित राहुल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में कुछ युवक अवैध हथियार के साथ जमा होकर शराब पी रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए उनके नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया.
दुकान में घुसते ही भागने की कोशिश
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल दुकान पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक युवक हथियार छिपाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. इसके बाद तीनों युवकों को हिरासत में लेकर दुकान की तलाशी ली गई.
कट्टा, गोली, शराब और मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान दुकान से छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा, तीन जिंदा गोली, करीब 750 एमएल शराब और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
मेडिकल जांच में हुई शराब पीने की पुष्टि
गिरफ्तार तीनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने उत्पाद अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी.
पूछताछ में आरोपी ने कबूली हथियार लाने की बात
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरांव के तिवारी टोला निवासी प्रकाश कुमार मिश्रा उर्फ भीम, राजगढ़ चौक निवासी राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार तथा औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपाध्यापुर निवासी वशिष्ट जी तिवारी के रूप में हुई है. पूछताछ में वशिष्ट तिवारी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं देसी कट्टा और गोली लेकर मोबाइल दुकान पर पहुंचा था.
एफआईआर दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है. बरामद हथियार और अन्य सामान की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है.





.png)









0 Comments