हजारों नलों में लगवाई टोटियां, अब राज्य सम्मान की दौड़ में पहुंचे अजय राय, विधायक राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री से की बड़ी सिफारिश ..

पिछले कई वर्षों से जल संरक्षण और जल बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हैं. उन्होंने अपने निजी खर्च से हजारों नलों में टोटियां लगवाकर पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने का अभियान चलाया. 




                             


  • जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने वाले युवा समाजसेवी के सम्मान की उठी मांग
  • नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता अभियानों से लोगों को दे रहे हर बूंद बचाने का संदेश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव से जल संरक्षण को लेकर एक सकारात्मक पहल सामने आई है. वर्षों से जल बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहे एक युवा समाजसेवी के कार्यों को अब राज्य स्तर पर पहचान दिलाने की पहल शुरू हो गई है. डुमराँव विधायक राहुल सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उन्हें सम्मानित किए जाने की अनुशंसा की है.

डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल-जीवन-हरियाली' योजना के तहत जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले युवा समाजसेवी अजय राय को राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने की अनुशंसा की है. उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में अजय राय के सामाजिक योगदान और जनहित में किए जा रहे प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया है.

हजारों नलों में लगवाई टोटियां, बच रहा पानी

अजय राय पिछले कई वर्षों से जल संरक्षण और जल बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे हैं. उन्होंने अपने निजी खर्च से हजारों नलों में टोटियां लगवाकर पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने का अभियान चलाया. इस पहल से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी की बचत हो रही है, जिसे लोगों ने भी सराहा है.

नुक्कड़ नाटक से फैला रहे जागरूकता का संदेश

जल संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए अजय राय सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से वे लोगों को जल का सदुपयोग करने, हर बूंद बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दे रहे हैं.

विधायक बोले- ऐसे युवाओं का सम्मान जरूरी

विधायक राहुल सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि अजय राय जैसे समर्पित युवा समाजसेवियों को सम्मानित किए जाने से समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को नई ऊर्जा मिलेगी. उन्होंने मुख्यमंत्री से अजय राय के कार्यों को राज्य स्तर पर सम्मान देकर अन्य युवाओं को भी प्रेरित करने का आग्रह किया है.

स्थानीय लोगों ने किया पहल का स्वागत

स्थानीय लोगों ने विधायक की इस अनुशंसा का स्वागत किया है. उनका कहना है कि अजय राय का जल संरक्षण अभियान समाज के लिए प्रेरणादायी है और आने वाली पीढ़ियों को पानी बचाने का सशक्त संदेश दे रहा है. लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके योगदान को राज्य स्तर पर उचित सम्मान अवश्य मिलेगा.













Post a Comment

0 Comments