विभिन्न वामपंथी छात्र संगठनों के बिहार बंद के आह्वान को कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला है. जिले में दिनभर विरोध प्रदर्शन और शाम को कैंडल मार्च का कार्यक्रम तय है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है.

- सुबह किला मैदान से निकलेगा विरोध मार्च, शाम को मॉडल थाना चौक से निकलेगा कैंडल मार्च
- प्रशासन ने की व्यापक तैयारी, शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पेपर लीक और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को बिहार बंद का असर बक्सर में भी देखने को मिल सकता है. विभिन्न वामपंथी छात्र संगठनों के बिहार बंद के आह्वान को कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला है. जिले में दिनभर विरोध प्रदर्शन और शाम को कैंडल मार्च का कार्यक्रम तय है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (आरवाईए) समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान किया है. उनका आरोप है कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. वहीं पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है.
9 सूत्री मांगों पर आंदोलन तेज
छात्र संगठनों ने अपनी 9 सूत्री मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को समाप्त करने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने, आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों की रिहाई, 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता समाप्त करने तथा प्रस्तावित उच्च शिक्षा विधेयक को वापस लेने जैसी प्रमुख मांगें शामिल की हैं. संगठनों का कहना है कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा.
पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने की आंदोलन में शामिल होने की अपील
डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने भी बिहार बंद का समर्थन करते हुए लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि देशभर में पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन और छात्रों पर हुए कथित पुलिसिया दमन के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी. उन्होंने लोगों से शुक्रवार सुबह 10 बजे बक्सर के किला मैदान पहुंचने की अपील की, जहां से विरोध मार्च निकाला जाएगा.
कांग्रेस निकालेगी कैंडल मार्च
इधर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार की शाम बक्सर में कैंडल मार्च निकाला जाएगा. यह मार्च मॉडल थाना चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक जाएगा, जहां छात्रों के समर्थन में विरोध सभा आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह मार्च युवाओं के भविष्य की रक्षा, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.
प्रशासन हाई अलर्ट पर, शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा
बिहार बंद और प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया जा सके. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारियों को लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है.
सरकार के निर्देश पर पुलिस की छुट्टियां भी रद्द
सूत्रों के अनुसार, पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं के बाद बिहार सरकार ने सभी जिलों के पुलिस प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहने के निर्देश दिए थे. इसी क्रम में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
वीडियो :





.png)









0 Comments