प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री कृष्ण प्रसाद ने आरोप लगाया कि शिक्षक चंदन कुमार राय ने छात्रों को उकसाया है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई.
- सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद मचा हड़कंप, शिक्षक संगठनों ने जताई नाराजगी
- जिला शिक्षा पदाधिकारी बोले- मामले की जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के ब्रह्मपुर स्थित बी उच्च विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच गाली-गलौज तथा मारपीट होती दिखाई दे रही है. घटना सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. शिक्षक संगठनों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
बताया जा रहा है कि यह मामला 1 जुलाई 2026 का है. आरोप है कि विद्यालय में शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की चर्चा को लेकर छात्र हंगामा करने लगे. इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री कृष्ण प्रसाद ने आरोप लगाया कि शिक्षक चंदन कुमार राय ने छात्रों को उकसाया है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई.
छात्रों ने कराया बीच-बचाव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने शिक्षक चंदन कुमार राय के साथ मारपीट की. बाद में छात्रों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया. इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
शिक्षक नेताओं ने जताई नाराजगी
शिक्षक नेता बृजेश राय ने कहा कि उन्होंने भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर देखा है. उनका कहना है कि विद्यालय में इस तरह की घटना से शैक्षणिक माहौल प्रभावित होता है और यह शिक्षक समाज की गरिमा के अनुरूप नहीं है.
निष्पक्ष जांच की उठी मांग
बिहार राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी शंकर प्रसाद ने वायरल वीडियो को शिक्षक समाज को शर्मसार करने वाला बताया. उन्होंने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
प्रभार को लेकर भी उठे सवाल
इस बीच कुछ लोगों ने यह आरोप भी लगाया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक वरिष्ठता के मानकों के विपरीत प्रभार संभाल रहे हैं. शिक्षक नेताओं ने इस पहलू की भी जांच कराने की मांग उठाई है.
डीईओ ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मामले पर नव पदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने कहा कि वायरल वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो :





.png)









0 Comments