पूरे रास्ते छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, नई शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने तथा पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई.
- अंबेडकर कल्याण छात्रावास से निकला विरोध मार्च, पेपर लीक और एनटीए को लेकर लगाए नारे
- छात्र बोले. भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, शिक्षा व्यवस्था में हो जवाबदेही
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर मंगलवार को बक्सर में छात्रों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया. राजकीय अंबेडकर कल्याण छात्रावास के छात्रों ने विरोध मार्च निकालते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की और शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद की.
छात्र नेता राजीव कुमार मेहरा के नेतृत्व में निकला यह मार्च अंबेडकर चौक से शुरू होकर ज्योति चौक होते हुए पुलिस चौकी तक पहुंचा. पूरे रास्ते छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, नई शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने तथा पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई.
प्रदर्शनकारियों ने "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो", "एनटीए को भंग करो", "नई शिक्षा नीति वापस लो", "पेपर लीक पर जवाब दो", "मोदी सरकार शर्म करो" और "बेहतर भविष्य के लिए छात्र-युवाओं का संघर्ष जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए. छात्रों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक के मामलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
छात्र नेता राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि छात्र लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखाते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके.
विरोध मार्च में धनु कुमार, मिथुन कुमार, विशाल कुमार, दीपक कुमार, परमजीत कुमार सहित अंबेडकर कल्याण छात्रावास के बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए. पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस की निगरानी रही और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.





.png)









0 Comments