भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए. अधिकारियों ने छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की. सुरक्षा व्यवस्था ऐसी रखी गई कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और यातायात भी अधिक प्रभावित न हो.
- दिल्ली के छात्र आंदोलन के समर्थन में बक्सर में सैकड़ों छात्रों का प्रदर्शन
- 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा शहर, पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और इससे आहत होकर कई छात्रों की आत्महत्या के विरोध में शुक्रवार को बक्सर का अंबेडकर चौक छात्रों के गुस्से का केंद्र बन गया. बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. पूरे इलाके में "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "छात्र एकता जिंदाबाद" और "वंदे मातरम्" के नारे लगातार गूंजते रहे.
छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
'थैंक्यू बक्सर पुलिस' का पोस्टर बना चर्चा का विषय
प्रदर्शन के दौरान एक अनोखी तस्वीर भी देखने को मिली. जहां आमतौर पर आंदोलनों में पुलिस के खिलाफ नारे लगते हैं, वहीं छात्रों ने "थैंक्यू बक्सर पुलिस" लिखे पोस्टर लहराकर पुलिस के शांतिपूर्ण सहयोग की सराहना की. छात्रों ने कहा कि पुलिस ने संयमित व्यवहार करते हुए उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया.
अंबेडकर चौक से समाहरणालय मार्ग तक सुरक्षा का कड़ा घेरा
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. अंबेडकर चौक से समाहरणालय मार्ग तक भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए. अधिकारियों ने छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की. सुरक्षा व्यवस्था ऐसी रखी गई कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और यातायात भी अधिक प्रभावित न हो.
दिल्ली आंदोलन के समर्थन में उठी बक्सर की आवाज
छात्रों ने कहा कि उनका आंदोलन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में है. उनका उद्देश्य सरकार तक अपनी मांगों को पहुंचाना और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराना है.
समाचार लिखे जाने तक अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी था. पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे.
वीडियो :






.png)









0 Comments