इस घटना के बाद सड़क पर अचानक नीलगाय और अन्य मवेशियों के आ जाने से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है. लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
बक्सर से मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे, हादसे में गंभीर रूप से हुए घायल
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, चौसा क्षेत्र में शोक की लहर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : चौसा प्रखंड के खिलाफतपुर निवासी कांग्रेस नेता एवं बानारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया बुच्चा उपाध्याय की बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही चौसा समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. उनके समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है.
जानकारी के अनुसार, बुच्चा उपाध्याय किसी कार्य से बक्सर आए थे. शाम में वह मोटरसाइकिल से अपने गांव खिलाफतपुर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में अचानक एक नीलगाय उनके वाहन के सामने आ गई. नीलगाय से टक्कर होने के कारण वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, बक्सर पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था.
बुच्चा उपाध्याय कांग्रेस के सक्रिय नेता होने के साथ-साथ बानारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया भी रह चुके थे. अपने सामाजिक और राजनीतिक कार्यों के कारण वह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे. उनके निधन की खबर मिलते ही पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, जिलाध्यक्ष पंकज उपध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार पांडेय समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों का अस्पताल तथा उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया.
स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है. वहीं, इस घटना के बाद सड़क पर अचानक नीलगाय और अन्य मवेशियों के आ जाने से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है. लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.






.png)









0 Comments