वीडियो : विद्यार्थियों ने मंच पर जीवंत किया सैनिकों का अदम्य साहस, फाउंडेशन स्कूल में कारगिल विजय दिवस पर भावपूर्ण आयोजन ..

विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक कर दिया. खासकर कारगिल की दुर्गम चोटी पर भारतीय सैनिकों के कब्जे की प्रस्तुति ने दर्शकों को झकझोर दिया. 





                             

  • कारगिल की चोटी पर शौर्य की प्रस्तुति ने नम कर दीं आंखें, वीर नारियों के सम्मान में गूंजा भारत माता का जयघोष
  • उप विकास आयुक्त निहारिका छवि बोलीं- देश के भीतर की कटुता मिटाकर सैनिकों के बलिदान का सम्मान करें

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : : कारगिल की बर्फीली चोटियों पर तिरंगा फहराने वाले वीर जवानों की शौर्यगाथा रविवार को फाउंडेशन स्कूल के ऑडिटोरियम में जीवंत हो उठी. फाउंडेशन स्कूल एवं जीडी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस 2026 का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक कर दिया. खासकर कारगिल की दुर्गम चोटी पर भारतीय सैनिकों के कब्जे की प्रस्तुति ने दर्शकों को झकझोर दिया. सैनिकों के संघर्ष और बलिदान को मंच पर देखकर ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत कुमार मौजूद रहे. पूर्व सैनिक संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं वीर नारियां भी कार्यक्रम में शामिल हुईं. पूर्व सैनिक संघ के उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे के नेतृत्व में पहुंचे पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया. सभी को उप विकास आयुक्त के हाथों सम्मानित किया गया.

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, विशिष्ट अतिथि कर्नल हेमंत कुमार, फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार त्रिगुण तथा सैनिक संघ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कारगिल युद्ध की घटनाओं पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए.

'सैनिक अपने लहू को मिट्टी मानते हैं'

दर्शकों को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने कहा कि सैनिकों का सम्मान क्यों करना चाहिए, इसका अनुभव उन्हें स्वयं जम्मू-कश्मीर में मिला है. उन्होंने अपने प्रशिक्षण के दौरान जम्मू-कश्मीर जाने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वहां उन्होंने देखा कि सैनिक अपने लहू को मिट्टी मानकर देश की रक्षा में जुटे रहते हैं. ऐसे वीर जब देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं तो हमारा भी फर्ज बनता है कि देश के भीतर किसी तरह की आंतरिक कलह और कटुता न रहे. हमें आपसी मतभेद और कटुता दूर कर सैनिकों के प्रति अपना सम्मान प्रदर्शित करना चाहिए.

देश को भीतर से मजबूत बनाना भी राष्ट्र सेवा

प्रधानाध्यापक मनोज कुमार त्रिगुण ने कहा कि सैनिकों ने सीमाओं की रक्षा के लिए जिस तरह अपने प्राणों की आहुति दी है, उसे देखते हुए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश को अंदर से मजबूत बनाए. उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि देश की अखंडता और एकता के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे.

शहीदों की कुर्बानी देती है देशभक्ति की सीख

फाउंडेशन स्कूल के ऑफिस सुपरीटेंडेंट राजीव कुमार पाठक ने कहा कि वीर शहीदों की कुर्बानी हमें याद दिलाती है कि देश की रक्षा के लिए हर व्यक्ति को उसी तरह कृतसंकल्पित होना चाहिए, जिस तरह सीमा पर तैनात हमारे सैनिक होते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से सैनिकों के जीवन से प्रेरणा लेकर सदैव देश के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया.

विषम परिस्थितियों में धैर्य और दृढ़ता का संदेश

कार्यक्रम में मौजूद अतिथि निदेशक के पुत्र दक्ष दत्त मिश्र ने कहा कि कारगिल की दुर्गम पहाड़ियों पर सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने जिस तरह अपना कब्जा कायम रखा और सर्वोच्च बलिदान देकर भी दुश्मनों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा है. इससे हमें सीख मिलती है कि विषम परिस्थितियों में भी धैर्य और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना चाहिए.

इनकी रही मौजूदगी

मौके पर एकेडमिक एक्सीलेंस ऑफिसर एसके दुबे, जीडी मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के प्रबंधक प्रकाश कुमार मिश्रा, प्राचार्य डॉ. जेआर चौधरी, अश्वनी मिश्रा, फाउंडेशन स्कूल के प्रबंधक संजीव कुमार सिंह, उप प्राचार्य अनिल कुमार ओझा, वरुण पाठक, महिला कोऑर्डिनेटर अनुपमा पाठक एवं भारती देवी, सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन मिथिलेश कुमार एवं प्रवीण तिवारी, फरहाज खान, फिजिकल टीचर सुनील कुमार तिवारी, सरदार सिंह, इमरान खान, शिक्षक रामायण राय, अजीत कुमार मिश्र, चंदन मिश्र, चंदन पांडेय, शिवम, आदित्य, मीना श्रीवास्तव, वंदना कुमारी, मिस शाहीन सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. कार्यक्रम का समापन दक्ष दत्त मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापित कर किया.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments