आरोप लगाया गया है कि 11 जुलाई की रात बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एलसी संख्या-70 रेलवे ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग हटाकर जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया.
![]() |
| इस तरह पुल पर मना था जन्मदिन समारोह |

- वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया प्रशासन, पुल निर्माण निगम की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
- बैरिकेडिंग हटाकर पार्टी, डांस और तेज संगीत का आरोप
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सोशल मीडिया पर वायरल हुई क्षतिग्रस्त रेलवे ओवरब्रिज की बर्थडे पार्टी आखिरकार कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई. पुल पर केक काटने, डांस करने और तेज संगीत बजाने का वीडियो सामने आने के बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में राकेश कुमार सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कनीय अभियंता राजीव कुमार शुक्ला एवं परियोजना अभियंता अभिषेक कुमार द्वारा थानाध्यक्ष को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 11 जुलाई की रात बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एलसी संख्या-70 रेलवे ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग हटाकर जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया. जबकि पुल तकनीकी खामियों के कारण बंद है और उस पर मरम्मत व पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है. ऐसे में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर कार्यक्रम आयोजित करने से सरकारी कार्य बाधित हुआ और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई.
विरोध के बावजूद हुआ आयोजन
शिकायत के अनुसार संवेदक के मुंशी ने कार्यक्रम का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद जबरन समारोह आयोजित किया गया. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग किया गया तथा महिलाओं से अश्लील गीतों पर नृत्य कराया गया, जिससे आम लोगों को भी असुविधा हुई.
वीडियो और तस्वीरों के आधार पर शिकायत
पुल निर्माण निगम ने आवेदन में कहा है कि घटना के वीडियो और तस्वीरों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि कार्यक्रम का आयोजन राकेश कुमार सिंह द्वारा किया गया था. इसी आधार पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की.
वीडियो ने खड़े कर दिए थे कई सवाल
11 जुलाई की रात पुल पर मनाई गई बर्थडे पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में बैरिकेडिंग के भीतर पुल पर केक काटने, डीजे की धुन पर डांस करने और जश्न मनाने के दृश्य दिखाई दिए थे. वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा को लेकर लोगों ने गंभीर सवाल उठाए थे. मामला तूल पकड़ने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और पुल निर्माण निगम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
अब पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुल निर्माण निगम के आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




.png)









0 Comments