बक्सर के युवाओं को मिला कारोबार बढ़ाने का मंत्र, 10 उद्यमी सम्मानित ..

उद्यमियों को बाजार की मांग समझने, नवाचार अपनाने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने उद्यमों को ओएनडीसी, जेम पोर्टल सहित डिजिटल बाजारों से जोड़कर व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंच बनाने पर जोर दिया.





                             


  • विश्व उद्यमिता दिवस पर कृषि महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम, डीएम साहिला ने बाजार से जुड़ने और नवाचार अपनाने पर दिया जोर
  • ओएनडीसी और जेम पोर्टल जैसे डिजिटल बाजारों से जुड़कर कारोबार को नई ऊंचाई देने की अपील, उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विश्व उद्यमिता दिवस-2026 के अवसर पर शुक्रवार को वी.के.एस. कृषि महाविद्यालय, डुमरांव में उद्यमिता और कारोबार विस्तार को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिला पदाधिकारी साहिला की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, नवोदित और स्थानीय उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने, नए बाजार तलाशने, उत्पाद की ब्रांडिंग, प्रभावी विपणन और डिजिटल बाजार से जुड़ने के गुर बताए गए.

छोटे कारोबार से बड़े बाजार तक पहुंचने का दिया संदेश

स्टार्टअप सेल, वी.के.एस. कृषि महाविद्यालय, डुमरांव, कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम का विषय "स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस" रहा. कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे स्तर पर शुरू किए गए कारोबार को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए युवाओं और उद्यमियों को प्रेरित करना था.

डीएम साहिला ने कहा कि आज के दौर में केवल बेहतर उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सही बाजार तक पहुंचाना भी जरूरी है. उन्होंने उद्यमियों को बाजार की मांग समझने, नवाचार अपनाने और उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने उद्यमों को ओएनडीसी, जेम पोर्टल सहित डिजिटल बाजारों से जोड़कर व्यापक ग्राहक वर्ग तक पहुंच बनाने पर जोर दिया.

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने उद्यमियों को उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं, संस्थागत सहायता, व्यवसाय विकास और बाजार तक पहुंच से संबंधित अवसरों की जानकारी दी. कार्यक्रम में कारोबार को विस्तार देने, नए बाजारों की पहचान करने, उत्पादों और सेवाओं की बेहतर ब्रांडिंग तथा विपणन की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई.

उद्यमियों ने साझा किए कारोबार के अनुभव

कार्यक्रम में रीसाइक्लिंग बाजार के संस्थापक, मेसर्स भारत हाईजिनेक की दिव्या प्रियम और संतोष कुमार ने अपने कारोबारी अनुभव साझा किए. उन्होंने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के दौरान आने वाली चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की.

इन उद्यमियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी उद्यमियों को सम्मानित किया गया. सम्मान पाने वालों में रीसाइक्लिंग बाजार स्टार्टअप, दिव्या प्रियम मेसर्स भारत हाईजिनेक, संतोष कुमार मेसर्स शिव दुर्गा ट्रेडर्स, पुष्पा देवी मेसर्स तुलसी एग्रो, संजीत कुमार मेसर्स संजीत एग्रो फूड प्रोडक्ट्स, मो. मेराज मेसर्स लजीज बेकरी, ज्योति रानी मेसर्स ज्योति इंटरप्राइजेज, जितेंद्र कुमार मेसर्स डालफिन प्रिंटिंग प्रेस, भानु प्रताप सिंह पशु आहार और एसएलएमजी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल रहे.

युवाओं को दिया ‘छोटे से बड़े’ कारोबार का मंत्र

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और उद्यमियों को "छोटे स्तर से शुरुआत करें, नवाचार अपनाएं, कारोबार बढ़ाएं और व्यापक बाजार तक पहुंचें" की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और सतत व्यवसाय विकास को बढ़ावा देने की दिशा में भी चर्चा हुई.

कार्यक्रम में भूमि सुधार उप समाहर्ता, डुमरांव, वरीय उप समाहर्ता, बक्सर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, बक्सर, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर के प्रोफेसर एवं विद्यार्थी, स्टार्टअप सेल के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे.












Post a Comment

0 Comments