15 अगस्त से पहले बक्सर स्टेशन पर हाई अलर्ट, RPF ने छाना चप्पा-चप्पा ..

अभियान के दौरान सभी प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल समेत अन्य संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला गया.






                             



  • प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक खंगाला गया स्टेशन परिसर, संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर रही पैनी नजर
  • यात्रियों के सामान की जांच के साथ CCTV से निगरानी, RPF ने सुरक्षा को लेकर लोगों को किया जागरूक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखने के लिए गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया. 13 अगस्त को चलाए गए इस अभियान में स्टेशन के चप्पे-चप्पे की जांच की गई और यात्रियों से भी सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई.

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार यादव समेत RPF के जवानों ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग और निगरानी की. अभियान के दौरान सभी प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल समेत अन्य संवेदनशील स्थानों को बारीकी से खंगाला गया.

संदिग्ध सामान पर खास नजर

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यात्रियों की संभावित अधिक आवाजाही को देखते हुए RPF ने यात्रियों के सामान और स्टेशन पर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी. लावारिस या संदिग्ध वस्तुओं की भी जांच की गई और जरूरत पड़ने पर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई.

स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों के माध्यम से भी लगातार निगरानी की गई. वहीं, अनाधिकृत प्रवेश, संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामान और रेलवे अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर भी जवानों ने विशेष सतर्कता बरती.

'संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत सूचना दें'

RPF जवानों ने यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की कि स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस सामान, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे प्रशासन को सूचना दें.

RPF निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए स्टेशन और रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सघन गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा.

अभियान में रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार, उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार यादव समेत अन्य जवान शामिल रहे.












Post a Comment

0 Comments