थाना से चंद कदम दूर ट्रक ने युवती को कुचला, पहचान भी बनी पहेली ..

युवती सड़क किनारे पैदल जा रही थी. तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई. हादसा इतना भीषण था कि युवती गंभीर रूप से कुचल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.





                             



यूनाइटेड पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा, चालक ट्रक लेकर फरार

दो मोबाइल मिले, सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : औद्योगिक थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम यूनाइटेड पेट्रोल पंप के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। युवती फोरलेन सड़क के किनारे पैदल जा रही थी, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, हादसा औद्योगिक थाना से महज कुछ दूरी पर यूनाइटेड पेट्रोल पंप के पास एक गैराज के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती सड़क किनारे पैदल जा रही थी. तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई. हादसा इतना भीषण था कि युवती गंभीर रूप से कुचल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

दो मोबाइल बने पहचान की उम्मीद

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को मृतका के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं. इन्हीं मोबाइल के जरिए पुलिस उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. फिलहाल युवती कहां की रहने वाली थी, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

मृतका ने लाल रंग की टॉप और नीले रंग की जींस पहन रखी थी. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि युवती की पहचान हो सके.

कैमरों में कैद हो सकता है फरार ट्रक

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में हादसे के दौरान गुजर रहे ट्रक की तस्वीर कैद हुई होगी, जिससे वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचा जा सके.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान, दुर्घटना में शामिल ट्रक और फरार चालक का पता लगाने में जुटी है.












Post a Comment

0 Comments