साइकिल रैली और तिरंगा यात्रा में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे इलाके को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया.
तिरंगा हाथों में लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों ने लगाए देशभक्ति के नारे, स्वतंत्रता दिवस से पहले दिखा राष्ट्रप्रेम का उत्साह
जिलाधिकारी साहिला के नेतृत्व में निकली रैली, युवाओं और आम लोगों को दिया एकता-अखंडता का संदेश
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले गुरुवार को बक्सर प्रखंड के दलसागर पंचायत में देशभक्ति का अलग ही रंग देखने को मिला. जिलाधिकारी साहिला के नेतृत्व में निकली साइकिल रैली और तिरंगा यात्रा में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और आम नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे इलाके को देशभक्ति के नारों से गुंजायमान कर दिया.
साइकिलों पर सवार लोगों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने माहौल को उत्सव में बदल दिया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया.
इस दौरान जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है.
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन खासकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की.
देश के विकास में योगदान का लिया संकल्प
यात्रा के दौरान सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.






.png)










0 Comments