टीम ने घटनास्थल की जांच करने के बाद प्रारंभिक तौर पर बताया कि मृतक के मुंह को किसी सियार या अन्य जंगली जानवर ने नोचा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.

- मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे 60 वर्षीय व्यक्ति के शव से इलाके में मची सनसनी
- मौके पर पहुंची एफएसएल टीम, चेहरे को जंगली जानवर द्वारा नोचे जाने की बात आई सामने; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : धनसोई थाना क्षेत्र के छतपुर गांव निवासी 60 वर्षीय सीताराम ठाकुर का शव गुरुवार को मनिया गांव के बधार में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि सीताराम ठाकुर कल शाम से ही घर से लापता थे और मानसिक रूप से अस्वस्थ थे. परिजनों की तलाश के बाद गुरुवार को उनका शव बधार में मिला.
शव मिलने की सूचना पर धनसोई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की जांच करने के बाद प्रारंभिक तौर पर बताया कि मृतक के मुंह को किसी सियार या अन्य जंगली जानवर ने नोचा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के पिता का नाम स्वर्गीय मोनी ठाकुर बताया जा रहा है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलने पर मटकीपुर पंचायत के मुखिया प्रत्याशी अप्पू कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रशासन से मामले की पूरी जांच कराने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
धनसोई थानाध्यक्ष विकाश कुमार ने बताया कि सीताराम ठाकुर के कल शाम से लापता होने की जानकारी सामने आई है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.
शंकर पांडेय की रिपोर्ट





.png)









0 Comments