प्रत्येक प्रखंड के लिए करीब चार हजार तिरंगे उपलब्ध कराने की योजना है. जीविका से जुड़ी महिलाएं निर्धारित मानकों के अनुसार झंडों की सिलाई और तैयारी में जुटी हैं. निर्माण पूरा होने के बाद झंडों को संबंधित प्रखंडों में भेजा जाएगा.
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिन-रात चल रही तिरंगा बनाने की तैयारी, 11 प्रखंडों में पहुंचेगा झंडों का खेप
हर प्रखंड के लिए न्यूनतम 4 हजार झंडों का लक्ष्य, महिलाओं के हाथों में रोजगार और राष्ट्रध्वज तैयार करने की जिम्मेदारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस से पहले बक्सर जिले में 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं. जिले के सभी प्रखंडों में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के लिए जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं दिन-रात तिरंगे तैयार कर रही हैं. अभियान के तहत जिले के लिए कुल 44 हजार झंडे तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित प्रखंडों तक पहुंचाया जाएगा.
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक दयानिधि चौबे के अनुसार जिले के प्रत्येक प्रखंड के लिए करीब चार हजार तिरंगे उपलब्ध कराने की योजना है. जीविका से जुड़ी महिलाएं निर्धारित मानकों के अनुसार झंडों की सिलाई और तैयारी में जुटी हैं. निर्माण पूरा होने के बाद झंडों को संबंधित प्रखंडों में भेजा जाएगा, जहां जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लोगों तक इनकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी.
इस पहल की खास बात यह है कि राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का काम बड़े पैमाने पर जीविका समूहों की महिलाओं को दिया गया है. इससे एक ओर 'हर घर तिरंगा' अभियान को गति मिल रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर भी मिल रहा है. झंडे की कटिंग, सिलाई, तैयार करने और पैकिंग से लेकर प्रखंड स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया जीविका के माध्यम से संचालित की जा रही है.
बिहार के 534 प्रखंडों में 21.36 लाख तिरंगों का लक्ष्य
'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर पूरे बिहार में बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही है. राज्य के 534 प्रखंडों में न्यूनतम चार हजार झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. इस हिसाब से राज्यभर में करीब 21.36 लाख तिरंगे तैयार कर वितरित किए जाने हैं.
सरकार की ओर से प्रत्येक प्रखंड के लिए एक लाख रुपये की दर से राशि उपलब्ध कराई जा रही है. राज्य के 534 प्रखंडों के लिए कुल 5 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से जीविका को उपलब्ध कराई जा रही है.
अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना तथा लोगों में राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करना है. अब बक्सर में नजर इस बात पर है कि 44 हजार तिरंगे समय पर तैयार होकर सभी प्रखंडों तक पहुंचते हैं या नहीं.






.png)











0 Comments