रेल ट्रैक पर उतरे आंदोलनकारियों पर कार्रवाई : 33 नामजद, 150 अज्ञात पर एफआइआर ..

रेल परिचालन बाधित करने तथा रेलवे कार्य में अवरोध उत्पन्न करने का आरोप है. मामले में 33 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





                             


  • सरोज राजभर के नेतृत्व में हुआ था रेल चक्का जाम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय भी रहे थे मौजूद
  • 25 मिनट बाधित रहा हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग, आरपीएफ ने शुरू की कानूनी कार्रवाई 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर हुए रेल चक्का जाम के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सरोज राजभर समेत 33 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शुक्रवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सरोज राजभर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी रेलवे ट्रैक पर उतर गए थे. आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय सहित कई कांग्रेस नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए. आंदोलन के कारण करीब 25 मिनट तक हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग बाधित रहा, जिससे मगध एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ.

आरपीएफ निरीक्षक कुंदन सिंह ने बताया कि प्रदर्शनकारियों पर रेलवे ट्रैक जाम करने, रेल परिचालन बाधित करने तथा रेलवे कार्य में अवरोध उत्पन्न करने का आरोप है. मामले में 33 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से वार्ता कर ट्रैक खाली कराया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका.

इसी दौरान पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था. कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए विरोध दर्ज कराया था. अब एफआईआर दर्ज होने के बाद आंदोलन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है.













Post a Comment

0 Comments