505 किलोग्राम भार उठाकर जिले के चैंपियन बने उमाशंकर, अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम ..

रोमांचक मुकाबले में राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत अंतर्गत भरखरा गांव निवासी उमाशंकर पाण्डेय ने कुल 505 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया.





                             


  • जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में नौ दौर तक चला रोमांचक मुकाबला
  • डीएम साहिला ने किया उद्घाटन, कहा- खेल अनुशासन और नेतृत्व की आधारशिला हैं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिला पावरलिफ्टिंग संघ, बक्सर द्वारा बिहार राज्य पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन से संबद्ध जिला स्तरीय सीनियर (ओपन) पुरुष एवं महिला पावरलिफ्टिंग एवं बेंच प्रेस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन रविवार को कला भवन, बक्सर में किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने दीप प्रज्वलित कर किया. जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 100 खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन किया. नौ दौर तक चले रोमांचक मुकाबले में राजपुर प्रखंड के बन्नी पंचायत अंतर्गत भरखरा गांव निवासी उमाशंकर पाण्डेय ने कुल 505 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया.

प्रतियोगिता में 93 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ी उमाशंकर पाण्डेय ने स्क्वाट में 185 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 115 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 205 किलोग्राम भार उठाया. तीनों स्पर्धाओं में उनका कुल प्रदर्शन 505 किलोग्राम रहा, जिसके आधार पर उन्हें जिला चैंपियन घोषित किया गया. उनकी इस जीत के साथ ही 6 से 9 अगस्त तक पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए उनका चयन भी हो गया.

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उमाशंकर पाण्डेय की सफलता को जिले के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

डीएम बोलीं- खेल युवाओं को देते हैं सकारात्मक दिशा

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला हैं. खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और नशामुक्त जीवन का संदेश भी देते हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव अवसर और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है. साथ ही खिलाड़ियों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बक्सर का नाम रोशन करने का आह्वान किया.

बक्सर से निकलेंगे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी

जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने कहा कि जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन और जिला खेल पदाधिकारी के सहयोग से वर्षों बाद इतने भव्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित हो सकी. उन्होंने विश्वास जताया कि इस मंच से आने वाले समय में बक्सर के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएंगे.

उपलब्धि पर बधाइयों का तांता

उमाशंकर पाण्डेय की इस उपलब्धि पर राजपुर प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बन्नी पंचायत के मुखिया अनिल सिंह, शिक्षिका उषा मिश्रा, शिक्षक धनंजय मिश्रा, ब्रजेश राय, मिथिलेश ठाकुर सहित स्थानीय समाजसेवियों, खेल प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की कामना की.

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), जिला पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सुबोध कुमार राय सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.













Post a Comment

0 Comments