मिशन प्रभाकिरण : छत पर सोलर लगाने की मुहिम शुरु, एक ही दिन 56 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन ..

कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से आम लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर स्वच्छ एवं प्रदूषणरहित बिजली का उत्पादन कर सकते हैं तथा बिजली बिल को लगभग शून्य तक ला सकते हैं. 






                             


  • नगर भवन में सौर मेले का आयोजन. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 56 लोगों ने किया आवेदन
  • जिलाधिकारी साहिला की अपील. जनप्रतिनिधि खुद लगवाएं सोलर पैनल, लोगों को भी करें प्रेरित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर भवन में सौर मेले का आयोजन किया गया. जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि तथा सहायक समाहर्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. मेले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों तथा सोलर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.

अपने संबोधन में जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से आम लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर स्वच्छ एवं प्रदूषणरहित बिजली का उत्पादन कर सकते हैं तथा बिजली बिल को लगभग शून्य तक ला सकते हैं. उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से स्वयं सोलर पैनल लगवाने और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की.

मिशन प्रभाकिरण से हर घर तक पहुंचेगी सौर ऊर्जा

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में अधिक से अधिक घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के उद्देश्य से "मिशन प्रभाकिरण" की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि यह अभियान बक्सर को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

56 लोगों ने कराया पंजीकरण, योजना को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद

मेले में पहुंचे लोगों ने सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी जानकारी प्राप्त की तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत 56 आवेदन भी जमा किए. अधिकारियों ने लोगों को योजना की प्रक्रिया, अनुदान तथा सोलर संयंत्र लगाने की पूरी जानकारी दी.

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में विद्युत अधीक्षण अभियंता आरा, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर, जिला अग्रणी बैंक के पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, नगर निकाय के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा सोलर वेंडर्स मौजूद रहे. सभी ने योजना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

बिना डाउन पेमेंट भी मिलेगा सोलर सिस्टम : राजन तिवारी

इस अवसर पर कनक सोलर एनर्जी के प्रतिनिधि राजन तिवारी ने कहा कि अब सोलर पैनल लगवाने में आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बनेगी. उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी बिना डाउन पेमेंट के भी आसान मासिक किस्तों पर सोलर सिस्टम उपलब्ध करा रही है, जिससे हर परिवार प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत कर सकता है. उन्होंने कहा कि इच्छुक उपभोक्ता अधिक जानकारी के लिए 7488681966 पर संपर्क कर सकते हैं.













Post a Comment

0 Comments