कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच विवाद तथा अभद्र भाषा का प्रयोग स्पष्ट रूप से दिखाई और सुनाई दे रहा है.

- +2 बी.एन. उच्च विद्यालय में कथित अवैध वसूली और वायरल वीडियो को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन.
- कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी, शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बचाने की उठी मांग.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के ब्रह्मपुर +2 बी.एन. उच्च विद्यालय से जुड़ा एक वायरल वीडियो अब प्रशासनिक जांच की मांग तक पहुंच गया है. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बक्सर इकाई ने शनिवार को विभाग संयोजक अविनाश पांडेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में सामने आए कथित अनियमितताओं, अवैध वसूली के आरोपों तथा वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन में कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच विवाद तथा अभद्र भाषा का प्रयोग स्पष्ट रूप से दिखाई और सुनाई दे रहा है. परिषद का कहना है कि इस घटना से शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है.
अवैध वसूली के आरोपों की भी जांच की मांग
परिषद ने दावा किया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं से कथित अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. ऐसे में प्रशासन केवल वायरल वीडियो ही नहीं, बल्कि अवैध वसूली के आरोपों की भी गहन जांच कर दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करे.
शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव
ज्ञापन में कहा गया कि इस तरह की घटनाएं विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को दूषित करती हैं और विद्यार्थियों के मनोबल के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं. इसलिए पूरे मामले की समयबद्ध जांच कर दोषियों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए.
शिक्षा मंत्री समेत कई अधिकारियों को भेजी गई प्रतिलिपि
विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन की प्रतिलिपि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर को भी भेजी है, ताकि मामले में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित हो सके.
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के अधिकार, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है. यदि मामले में निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू करेगी.
ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिश तिवारी, प्रियांशु शुभम, विराज सिंह, संजीत यादव, रोहित मिश्रा सहित विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.





.png)









0 Comments