अधिकांश मामलों का निस्तारण निर्धारित 60 कार्य दिवस के भीतर किया जा रहा है. यही वजह है कि आम लोगों का भरोसा इस व्यवस्था पर लगातार मजबूत हो रहा है.

- एक साल में 3,581 शिकायतें पहुंचीं, 3,043 का हो चुका है निस्तारण.
- 60 कार्य दिवस से अधिक पुराना एक भी मामला लंबित नहीं, प्रशासन ने जताया संतोष.
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सरकारी दफ्तरों में शिकायतों के लंबित रहने की धारणा के बीच बक्सर जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय ने अलग तस्वीर पेश की है. यहां अधिकांश मामलों का निस्तारण निर्धारित 60 कार्य दिवस के भीतर किया जा रहा है. यही वजह है कि आम लोगों का भरोसा इस व्यवस्था पर लगातार मजबूत हो रहा है. प्रशासन का दावा है कि तय समयसीमा से अधिक लंबित एक भी मामला फिलहाल जिले में नहीं है.
गुरुवार को आयोजित सुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 36 शिकायतों पर विचार किया गया. कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि जिन मामलों में अतिरिक्त अभिलेख या विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उनमें अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई.
सड़क से जुड़े तीन मामलों का भी हुआ समाधान
सुनवाई के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े सड़क संबंधी तीन मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया. संबंधित विभाग ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाई.
एक वर्ष में तीन हजार से अधिक मामलों का निस्तारण
कार्यालय के समेकित प्रतिवेदन के अनुसार 6 अक्टूबर 2025 से 6 अगस्त 2026 तक जिला एवं अनुमंडल स्तर पर कुल 3,581 सामान्य परिवाद प्राप्त हुए. इनमें से 3,043 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 538 मामले 60 कार्य दिवस से कम अवधि के भीतर लंबित हैं. उल्लेखनीय है कि 60 कार्य दिवस से अधिक अवधि का एक भी मामला लंबित नहीं है.
जिला और अनुमंडल कार्यालयों का प्रदर्शन
आंकड़ों के अनुसार जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, बक्सर कार्यालय में प्राप्त 993 परिवादों में 762 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 231 मामले लंबित हैं. डुमरांव अनुमंडल कार्यालय में 1,570 शिकायतों में से 1,381 का निष्पादन हो चुका है और 189 मामले लंबित हैं. वहीं बक्सर अनुमंडल कार्यालय में 1,018 परिवादों में 900 का निस्तारण किया गया है तथा 118 मामलों पर कार्रवाई जारी है.
प्रथम अपील में भी समयसीमा का पालन
प्रथम अपील के मामलों में भी संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है. अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) सह प्रथम अपीलीय प्राधिकार कार्यालय में कुल 382 प्रथम अपील आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 275 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 107 मामले 60 कार्य दिवस से कम अवधि के भीतर लंबित हैं. यहां भी तय समयसीमा से अधिक का कोई मामला लंबित नहीं है.
लोग आगे आएं, व्यवस्था का लाभ उठाएं : शशिकांत पासवान
अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोक शिकायत निवारण प्रणाली का उद्देश्य आम नागरिकों को बिना अनावश्यक विलंब के न्याय दिलाना है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी सरकारी विभाग से संबंधित शिकायत हो तो वे इस व्यवस्था का उपयोग कर समयबद्ध समाधान प्राप्त करें.





.png)









0 Comments