8 अगस्त को गूंजेगा 'वंदे मातरम्' का सुर, एम.वी. कॉलेज में देशभक्ति की सुरमयी जंग ..

कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता केवल गीत-संगीत का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है. 

 





                             



- राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी
- जिले भर के छात्र-छात्राएं देंगे राष्ट्रभक्ति का संदेश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस से पहले बक्सर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगने वाला है. 8 अगस्त को एम.वी. कॉलेज के मानस भवन में जब दर्जनों छात्र-छात्राओं के स्वर एक साथ "वंदे मातरम्" और देशभक्ति के गीतों से गूंजेंगे, तब यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि राष्ट्रप्रेम का उत्सव बन जाएगा. इसके लिए भारत विकास परिषद की विश्वामित्र शाखा ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है.

गुरुवार को बाजार समिति स्थित शाखा कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा पर अंतिम मुहर लगाई गई. बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय ने की. इसमें आयोजन को व्यवस्थित, आकर्षक और गरिमामय बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा किया गया.

आयोजन की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर हुई चर्चा

बैठक में मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, प्रतिभागी विद्यालयों के पंजीकरण, मंच एवं ध्वनि व्यवस्था, निर्णायक मंडल, प्रमाण-पत्र, पुरस्कार वितरण तथा विद्यार्थियों की सुविधाओं सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. आयोजन के प्रत्येक चरण को सुव्यवस्थित बनाने की रणनीति तैयार की गई.

देशभक्ति के साथ संस्कृति का भी होगा संगम

शाखा अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता केवल गीत-संगीत का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि सामूहिक स्वर में गाए जाने वाले देशभक्ति गीत युवाओं में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को और प्रगाढ़ करते हैं.

जिले के कई विद्यालयों के विद्यार्थी होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन 8 अगस्त को सुबह 10 बजे एम.वी. कॉलेज, बक्सर के मानस भवन में होगा. इसमें जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित समूहगान प्रस्तुत करेंगे. विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा.

सफल आयोजन का लिया संकल्प

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता को भव्य, अनुशासित और यादगार बनाने का संकल्प लिया. बैठक में शाखा अध्यक्षा वर्षा पाण्डेय, सचिव संजय कुमार राय, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, संस्कार संयोजक प्रकाश पाण्डेय, पर्यावरण संयोजक विपिन कुमार, हरेन्द्र कुमार पाण्डेय, अमित कुमार पाण्डेय, सरोज कुमार तिवारी, अखिलेश कुमार, ई. विकास कौशिक सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.












Post a Comment

0 Comments