रघुनाथपुर में अब घर के पास मिलेगी आधार सेवा, मुरार उपडाकघर भी पहुंचा नए भवन में, डाक विभाग ने दी आधुनिक सुविधाओं की सौगात ..

रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ कर दिया गया है, जबकि मुरार उपडाकघर को नए और सुविधायुक्त भवन में स्थानांतरित किया गया है. इससे अब लोगों को आधार, बैंकिंग, बीमा और डाक संबंधी कई सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.






                             



- रघुनाथपुर उपडाकघर में शुरू हुआ आधार सेवा केंद्र, नामांकन से लेकर अपडेट तक की सुविधा मिलेगी.
- मुरार उपडाकघर नए भवन में हुआ स्थानांतरित, बैंकिंग, बीमा और डाक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध.

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं को और आधुनिक बनाने की दिशा में भारतीय डाक विभाग ने बड़ी पहल की है. रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ कर दिया गया है, जबकि मुरार उपडाकघर को नए और सुविधायुक्त भवन में स्थानांतरित किया गया है. इससे अब लोगों को आधार, बैंकिंग, बीमा और डाक संबंधी कई सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन तथा मुरार उपडाकघर के नवीन भवन का लोकार्पण दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, डाक विभाग के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही.

डाक अधीक्षक ने कहा कि भारतीय डाक विभाग "डाक सेवा, जन सेवा" के संकल्प के साथ लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है. रघुनाथपुर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से अब नया आधार बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी.

उन्होंने बताया कि मुरार उपडाकघर के नए भवन में स्थानांतरण से ग्राहकों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक वातावरण में सेवाएं मिलेंगी. यहां डाक एवं पार्सल सेवा के साथ डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री और अन्य वित्तीय सेवाएं भी एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जा रही हैं.

डाक विभाग ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले समय में बक्सर मंडल के अन्य डाकघरों में भी चरणबद्ध तरीके से आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने ही आसपास सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें.

रक्षा बंधन को लेकर भी डाक विभाग ने खास घोषणा की है. 12 अगस्त से राखी मेल पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने प्रियजनों तक सुरक्षित और किफायती तरीके से राखी भेजें.

डाक अधीक्षक ने कहा कि भारतीय डाक विभाग अब केवल पत्र और पार्सल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, डिजिटल भुगतान, आधार और अन्य जनसेवा से जुड़ी सुविधाओं के जरिए लोगों के जीवन को आसान बना रहा है. उन्होंने नागरिकों से डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं और वित्तीय सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया.

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.












Post a Comment

0 Comments