सभी लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है, जो पिछले एक महीने से रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण परेशानी झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि 7 अगस्त को सुबह 11 बजे से हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा.
- इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग खोलने की मांग को लेकर निर्णायक संघर्ष की तैयारी
- रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को फिर से खोलने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है. 7 अगस्त को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन से पहले एक ओर आंदोलनकारी अंतिम तैयारियों में जुटे हैं, तो दूसरी ओर रेलवे और जिला प्रशासन हाई अलर्ट मोड में आ गया है. आंदोलन की पूर्व सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि प्रशासन भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रहा है.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने बक्सर के उन सभी लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है, जो पिछले एक महीने से रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण परेशानी झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि 7 अगस्त को सुबह 11 बजे से हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा और यह लड़ाई आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है.
रेलवे ने बढ़ाई चौकसी
बक्सर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना ने बताया कि आंदोलन की सूचना पहले ही मंडल रेल प्रबंधक समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई थी. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल को रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर में पर्याप्त संख्या में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी मांग को लेकर रेल परिचालन बाधित करने की कोशिश हुई थी. उस समय 50 से अधिक आरपीएफ जवान सुरक्षा में लगाए गए थे. इस बार भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.
जिला प्रशासन भी सतर्क
रेलवे के साथ-साथ जिला प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि आंदोलन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे.
रेल रोको से पहले कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता रेल रोको आंदोलन में शामिल होने से पहले पदयात्रा निकालेंगे. इसके बाद सभी कार्यकर्ता आंदोलन स्थल पहुंचकर रेल रोको कार्यक्रम में भाग लेंगे. उन्होंने कहा कि यह किसी दल का नहीं, बल्कि बक्सर की जनता के अधिकार और सुविधा का आंदोलन है.
सरोज राजभर बोले, इस बार आंदोलन होगा और बड़ा
सरोज राजभर ने दावा किया कि पिछले रेल रोको आंदोलन की तुलना में इस बार कहीं अधिक लोग रेल पटरी पर उतरेंगे. विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, मरीजों और आम नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि यदि 7 अगस्त से पहले रेलवे क्रॉसिंग नहीं खोली गई, तो घोषित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे से रेल परिचालन बाधित किया जाएगा. जब तक रेलवे क्रॉसिंग आम लोगों के आवागमन के लिए नहीं खोली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
अब सबकी नजर 7 अगस्त पर
एक तरफ रेलवे और जिला प्रशासन रेल परिचालन सामान्य बनाए रखने की तैयारी में जुटे हैं, तो दूसरी ओर आंदोलनकारी इसे निर्णायक लड़ाई बता रहे हैं. ऐसे में 7 अगस्त को इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग का मुद्दा बक्सर की सबसे बड़ी खबर बनने की ओर बढ़ रहा है.
वीडियो :






.png)









0 Comments