एक ओर जहां जन सुराज ने सड़क की समस्या को जनता की आवाज बनाकर मजबूती से उठाया, वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी साहिला ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कराई.
- जन समस्या को लेकर धरने के बाद तत्काल हरकत में आया प्रशासन. ग्रामीण कार्य विभाग ने शुरू कराया गड्ढों में ईंट भरने का काम
- डीएम साहिला की त्वरित पहल की सराहना. बजरंगी मिश्रा बोले- जनता की परेशानी दूर करना ही जन सुराज का उद्देश्य
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जासो से नदांव होते हुए डुमरांव जाने वाली बदहाल सड़क को लेकर जन सुराज की ओर से उठाई गई आवाज का सकारात्मक असर सामने आया है. बारिश के पानी से भरे गड्ढों के बीच बैठकर किए गए अनोखे धरने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत की पहल शुरू कर दी है. जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर ग्रामीण कार्य विभाग ने सड़क के अत्यावश्यक हिस्सों में ईंट के टुकड़े डालकर गड्ढे भरने और रोलिंग कराने का काम शुरू कर दिया है.
जन सुराज ने सड़क की समस्या को बनाया जनता की आवाज
जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने सड़क की बदहाली को लेकर अनोखे तरीके से धरना देकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा था. उनका कहना था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. धरने के दौरान स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला, जिससे यह मुद्दा प्रशासन तक मजबूती से पहुंचा.
डीएम साहिला ने दिखाई संवेदनशीलता, तत्काल शुरू कराया राहत कार्य
प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी साहिला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए. उनके निर्देश पर ग्रामीण कार्य विभाग ने मौके पर काम शुरु कराया. ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता शशि कुमार केमुताबिक सड़क के खराब हिस्सों में ईंट के टुकड़े डाले जा रहे हैं और रोलिंग कर रास्ते को फिलहाल आवागमन के लिए बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. इसके अलावा तात्कालिक रूप से जल निकासी के इंतजाम भी किए जा रहे हैं. प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है.
बजरंगी मिश्रा ने डीएम की पहल का जताया आभार
जन सुराज जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने जिलाधिकारी साहिला की पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना है. प्रशासन ने जिस तत्परता के साथ मामले पर संज्ञान लिया, वह सराहनीय है.
'ईंट भरने से राहत मिलेगी, लेकिन स्थायी समाधान जरूरी'
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि फिलहाल ईंट के टुकड़े डालकर गड्ढों को भरने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण जरूरी है. उन्होंने कहा कि निर्माण ऐसा होना चाहिए कि आने वाले समय में सड़क दोबारा बदहाल न हो और जनता को फिर से आंदोलन करने की जरूरत न पड़े.
जन सुराज और प्रशासन के बीच जनता के मुद्दे पर बनी सकारात्मक कड़ी
इस पूरे मामले में एक ओर जहां जन सुराज ने सड़क की समस्या को जनता की आवाज बनाकर मजबूती से उठाया, वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी साहिला ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कराई. इससे स्थानीय लोगों में भी उम्मीद जगी है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान जल्द हो सकता है.
'जनता की आवाज बुलंद करना जारी रखेगा जन सुराज'
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि जन सुराज आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाता रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को प्रशासन तक पहुंचाना और समाधान की दिशा में पहल कराना पार्टी की प्राथमिकता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि तत्काल राहत के बाद सड़क के स्थायी निर्माण की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे.






.png)










0 Comments