उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी के बक्सर आगमन से पहले उनके स्वागत कार्यक्रम को रद्द करने का दबाव बनाया गया. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम रद्द नहीं करने पर उन्हें परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी.
- 2012 से पार्टी में निभाई जिम्मेदारियों का किया जिक्र, कहा- "समर्पित कार्यकर्ता के साथ हुआ अन्याय."
- शिक्षा मंत्री के पहले दौरे, संगठनात्मक विवाद और पुलिस कार्रवाई को जोड़ते हुए सार्वजनिक की अपनी बात.
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : भारतीय जनता पार्टी के एक पूर्व पदाधिकारी दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा कर जिला नेतृत्व के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है. पोस्ट में उन्होंने वर्ष 2012 से भाजपा में अपने राजनीतिक सफर, संगठन में निभाई गई जिम्मेदारियों और कथित उपेक्षा का विस्तार से उल्लेख किया है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि संगठन के कुछ नेताओं के विरोध के बाद उनके खिलाफ सुनियोजित कार्रवाई कराई गई.
पूर्व पदाधिकारी ने लिखा कि भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने गांव-गांव जाकर सबसे अधिक नए प्राथमिक सदस्य बनाने का कार्य किया था. इसके लिए उन्हें संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया द्वारा सम्मानित भी किया गया. उन्होंने भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के माध्यम से जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, प्रतिभा सम्मान समारोह, जिला फुटबॉल चैंपियनशिप सहित कई बड़े कार्यक्रम आयोजित कराने का भी उल्लेख किया.
पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि जिला नेतृत्व से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने और भेदभावपूर्ण व्यवहार के कारण उनकी कई योजनाएं अधूरी रह गईं. उनका कहना है कि उन्होंने जनसंपर्क के माध्यम से ऐसे कई परिवारों को भाजपा से जोड़ा, जो पहले अन्य दलों के समर्थक थे.
सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी के बक्सर आगमन से पहले उनके स्वागत कार्यक्रम को रद्द करने का दबाव बनाया गया. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम रद्द नहीं करने पर उन्हें परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी. इसके बाद कुछ दिनों में पुलिस कार्रवाई हुई, जिसे उन्होंने पूर्व नियोजित साजिश बताया.
पोस्ट के अंत में उन्होंने कहा कि अब उन्हें किसी पद या फैसले का दुख नहीं है, बल्कि वह पूरी सच्चाई जनता के सामने रख रहे हैं. उन्होंने भविष्य में "बड़ी शक्ति के रूप में मैदान में लौटने" का भी संकेत दिया.
फिलहाल भाजपा जिला इकाई की ओर से इस पोस्ट और लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यदि पार्टी की ओर से कोई पक्ष आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.






.png)









0 Comments