ट्रेन में चोरों की बढ़ी सक्रियता, दो दिन में पांच मोबाइल और चेन के साथ बक्सर में तीन धराए

इनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन और एक बनावटी धातु की चेन बरामद की गई है. पकड़े गए तीनों आरोपितों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया.





                             





  • ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत लगातार दूसरे दिन कार्रवाई, ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वालों पर कसा शिकंजा
  • महिला यात्री का मोबाइल और चेन चोरी कर भाग रहा था युवक, दो अन्य के पास मिले चार महंगे स्मार्टफोन

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने लगातार दो दिनों तक बड़ी कार्रवाई की है. 19 और 20 अगस्त को चलाए गए विशेष अभियान में आरपीएफ की टीम ने तीन लोगों को पकड़ा है. इनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन और एक बनावटी धातु की चेन बरामद की गई है. पकड़े गए तीनों आरोपितों को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया.

भीड़ का फायदा उठाकर महिला का सामान उड़ाया

19 अगस्त को कोटा-पटना एक्सप्रेस में सवार हो रही कर्पूरी पड़री निवासी नीता देवी को भीड़ के बीच एक युवक ने निशाना बनाया. आरोपित ने उनके पास से नीले रंग का रेडमी मोबाइल और पीले रंग की बनावटी धातु की चेन चोरी कर भागने का प्रयास किया. इसी दौरान आरपीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया.

पूछताछ में आरोपित की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के न्यायीपुर निवासी करीब 24 वर्षीय कृष्णा माली के रूप में हुई. तलाशी में महिला से चोरी किया गया मोबाइल और चेन बरामद हो गई.

अगले ही दिन चार महंगे मोबाइल के साथ दो युवक पकड़े

20 अगस्त को आरपीएफ ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान दो युवकों को चार महंगे स्मार्टफोन के साथ पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी करने की बात स्वीकार की.

पकड़े गए युवकों की पहचान चरित्रवन निवासी करीब 22 वर्षीय अंशुमान मनोज और सिमरी थाना क्षेत्र के एकौना निवासी करीब 19 वर्षीय अप्पू कुमार के रूप में हुई. आरपीएफ के अनुसार दोनों आपस में मिलकर ट्रेनों में यात्रियों के सामान को निशाना बनाते थे.

जीआरपी को सौंपे गए तीनों आरोपित

आरपीएफ ने तीनों आरोपितों से बरामद मोबाइल, चेन और संबंधित कागजात के साथ उन्हें जीआरपी थाना बक्सर को सौंप दिया. अब जीआरपी आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें.

अभियान में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और आरक्षी संतोष कुमार की भूमिका रही.










Post a Comment

0 Comments