कहना है कि यह केवल नाम बदलने की कवायद नहीं, बल्कि बक्सर की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और खोए हुए गौरव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है.

- “गुलामी की पहचान से कब तक जिएंगे, गर्व से कहें—मैं सिद्धाश्रमी हूं”
- राम की शिक्षा स्थली और विश्वामित्र की तपोभूमि को वैश्विक आध्यात्मिक तीर्थ बनाने की पहल, गांव-गांव पहुंचाने की तैयारी
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बक्सर की पहचान को लेकर एक नई बहस ने जोर पकड़ लिया है. बक्सर का नाम बदलकर ‘सिद्धाश्रम’ किए जाने की मांग को लेकर मुहिम शुरू करने की घोषणा की गई है. खास बात यह है कि इसे सीताराम विवाह महोत्सव आश्रम के महंत राजा राम शरण दास, बसांव पीठाधीश्वर अच्युतप्रपन्नाचार्य, अहिरौली मठिया के महंत, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के महंत त्यागी जी, साहित्यकार रामेश्वर प्रसाद वर्मा धन्नू लाल प्रेमातुर के साथ-साथ जिले के कई संत महंत एवं प्रबुद्ध जनों का साथ मिला है.
अभियान की शुरुआत करने वाली लाइफ कोच वर्षा पांडेय का कहना है कि यह केवल नाम बदलने की कवायद नहीं, बल्कि बक्सर की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और खोए हुए गौरव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है. इसके लिए संतों, विद्वानों, युवाओं, व्यापारियों और आम लोगों को साथ जोड़कर गांव-गांव और गली-गली अभियान चलाया जायेगा.
“बक्सर नाम गुलामी के इतिहास से जुड़ा, अब सांस्कृतिक पहचान सामने आए”
मुहिम की अगुवाई कर रही वर्षा पांडेय ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर जब देश गुलामी के प्रतीकों से आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रहा है, तब बक्सर को भी अपनी पुरातन पहचान वापस पाने का अधिकार है. उन्होंने दावा किया कि ‘बक्सर’ नाम एक अपभ्रंशित नाम है, जबकि सिद्धाश्रम नाम इस क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा है.
उनका कहना है कि वैश्विक स्तर पर बक्सर की पहचान अक्सर 1764 के बक्सर युद्ध से की जाती है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इतनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाले इस जिले की पहचान सिर्फ एक युद्धभूमि तक सीमित रहनी चाहिए.
“यह राम की शिक्षा स्थली और विश्वामित्र की तपोभूमि है”
वर्षा पांडेय ने बक्सर की पहचान भगवान श्रीराम की शिक्षा स्थली, महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि और भगवान वामन के प्राकट्य स्थल के रूप में स्थापित करने की बात कही. उनका कहना है कि हजारों ऋषि-मुनियों की तपस्या से जुड़ी इस भूमि को उसके आध्यात्मिक नाम से दुनिया के सामने लाने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि बक्सर को उनकी शिक्षा और ज्ञान स्थली के रूप में पहचान मिलनी चाहिए. इसी आधार पर बक्सर को धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने की मांग भी उठाई गई है.
“नाम बदलना विकास के खिलाफ नहीं, दोनों साथ चल सकते हैं”
नाम बदलने से बेरोजगारी, पलायन और विकास की समस्याएं कैसे दूर होंगी, इस सवाल पर मुहिम की अगुवाई कर रही महिला ने कहा कि सांस्कृतिक पहचान और भौतिक विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य विकास कार्य बेहद जरूरी हैं और इसके लिए सरकार तथा जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का समर्थन किया जाएगा. लेकिन विकास के नाम पर सांस्कृतिक विरासत को भुलाया नहीं जा सकता. उनका तर्क है कि किसी क्षेत्र की पहचान मजबूत होने से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
अयोध्या का उदाहरण देकर समझाया आर्थिक विकास का मॉडल
नाम परिवर्तन से आर्थिक विकास की संभावना पर उन्होंने अयोध्या का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि फैजाबाद का नाम अयोध्या किए जाने और राम मंदिर निर्माण के बाद वहां धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों में बड़ा बदलाव आया है. उनका दावा है कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के साथ छोटे दुकानदारों, रिक्शा चालकों, कामगारों और अन्य स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक अवसर बढ़े हैं.
इसी मॉडल को बक्सर में लागू करने की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि बक्सर को सिद्धाश्रम की पहचान के साथ धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाता है तो स्थानीय युवाओं, महिलाओं, दुकानदारों, ठेला-रिक्शा चालकों और छोटे कारोबारियों को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं.
“चांद पर पहुंचने के दौर में नाम बदलने पर सवाल उठाना स्वाभाविक, लेकिन विरासत भी जरूरी”
सोशल मीडिया पर नाम बदलने की मुहिम को लेकर हो रही ट्रोलिंग और सवालों पर उन्होंने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक युग में ऐसी मांग पर सवाल उठना स्वाभाविक है, लेकिन सांस्कृतिक पहचान को बचाना भी उतना ही जरूरी है. उनका कहना है कि विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को साथ लेकर चलने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि यदि समाज केवल भौतिक रूप से विकसित हो और अपनी संस्कृति भूल जाए तो यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है. वहीं केवल सांस्कृतिक गौरव की बात करके सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को नजरअंदाज करना भी उचित नहीं है. दोनों को साथ लेकर चलना ही वास्तविक विकास है.
रामायण सर्किट से जोड़ने की उम्मीद, पर्यटन से रोजगार का दावा
मुहिम से जुड़े लोगों का मानना है कि सिद्धाश्रम नाम के साथ बक्सर की सांस्कृतिक पहचान स्थापित होने पर इसे धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी. उनका कहना है कि बक्सर को रामायण सर्किट से जोड़ने, धार्मिक स्थलों का विकास करने और पर्यटन आधारित परियोजनाएं लाने की दिशा में भी यह पहचान मददगार हो सकती है.
इससे स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, दुकान, हस्तशिल्प, खान-पान और अन्य सेवाओं में रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई है.
“हर सिद्धाश्रमी बने इस मुहिम का हिस्सा”
मुहिम की अगुवाई कर रही वर्षा पांडेय ने बक्सर के लोगों से अपील की कि वे अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर आगे आएं और गर्व से कहें—“मैं सिद्धाश्रमी हूं.” उन्होंने संत-महंत, आचार्य, विद्वान, युवा, व्यापारी और आम लोगों से अभियान में शामिल होने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की मुहिम नहीं हो सकती. इसके लिए पूरे जिले के लोगों को एकजुट होना होगा. आने वाले दिनों में घर-घर पहुंचने, गांव-गांव और गली-गली अभियान चलाने तथा सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की योजना है.
“वैश्विक मानचित्र पर आध्यात्मिक तीर्थ बने बक्सर”
मुहिम का अंतिम लक्ष्य केवल प्रशासनिक कागजात में नाम परिवर्तन कराना नहीं, बल्कि जन-जन की जुबान पर बक्सर की पहचान को ‘सिद्धाश्रम’ के रूप में स्थापित करना बताया गया है. इसके साथ ही भगवान श्रीराम की शिक्षा स्थली, महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि और भगवान वामन की भूमि के रूप में बक्सर को वैश्विक आध्यात्मिक मानचित्र पर स्थापित करने का संकल्प लिया गया है.
मुहिम से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि सांस्कृतिक गौरव, धार्मिक पर्यटन और आर्थिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाया जाए तो बक्सर न केवल अपनी प्राचीन पहचान हासिल कर सकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और समृद्धि का नया रास्ता भी खोल सकता है.
वीडियो :





.png)












0 Comments