पेड़-पौधों के बीच गूंजी मां वनदेवी की जयकार, एकजुटता का संकल्प लेकर लौटे खरवार समाज के लोग ..

सुबह से ही पाण्डेय पट्टी के बगीचे में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. आयोजन में ग्रामीणों और समाज के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही.

पूजन करते लोग 





                             



  • पाण्डेय पट्टी में प्राकृतिक पूजनोत्सव में उमड़ी भीड़, जल-जंगल-जमीन बचाने का दिया संदेश
  • परंपरा और प्रकृति संरक्षण का दिखा संगम, समाज की एकता को मजबूत करने पर हुआ मंथन

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : पाण्डेय पट्टी में बुधवार को पेड़-पौधों से घिरे बगीचे में मां वनदेवी की जयकार गूंजी. मौका था खरवार-बहरवार समाज के वार्षिक प्राकृतिक पूजनोत्सव का. मां दुर्गा मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग जुटे और पारंपरिक तरीके से आराध्य देवी की पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि के साथ प्रकृति की रक्षा की कामना की और पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया.

आस्था के साथ प्रकृति की रक्षा का संदेश

पूजनोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया. आयोजकों ने कहा कि मां वनदेवी की आराधना समाज की पुरानी परंपरा का हिस्सा है. वन और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी इस परंपरा के माध्यम से लोगों को जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है. वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सिर्फ वर्तमान पीढ़ी ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ी है.

एकता को समाज की ताकत बताया

कार्यक्रम में खरवार समाज की एकजुटता पर भी जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि समाज के लोग आपसी मतभेद भुलाकर संगठित रहें और अपनी संस्कृति व परंपराओं को आगे बढ़ाएं. सामूहिक पूजा के दौरान समाज की अखंडता और सभी परिवारों पर मां वनदेवी का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की गई.

सुबह से जुटने लगे थे लोग

राष्ट्रीय आदिवासी मोर्चा, बिहार के बक्सर जिला स्तरीय खरवार समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही पाण्डेय पट्टी के बगीचे में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया. आयोजन में ग्रामीणों और समाज के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही.

ये लोग रहे मौजूद

पूजनोत्सव में पूर्व मुखिया भोला शंकर खरवार, प्रदेश अध्यक्ष सोनू खरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश खरवार, मंतोष खरवार, राजन खरवार, विनोद खरवार, त्रिलोकी खरवार और ददन खरवार समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे. आयोजन के दौरान पारंपरिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और प्रकृति संरक्षण का संदेश एक साथ देखने को मिला.












Post a Comment

0 Comments