कक्षा 3, 4 एवं 5 के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. खास बात यह रही कि बच्चों ने मेहंदी की आकर्षक डिजाइनों के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी उकेरा.
- मेहंदी की कलाकारी में दिखी रचनात्मकता, ‘जल-जीवन-हरियाली’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे स्लोगन बने आकर्षण
- शबनम खातून ने जीता पहला स्थान, ख्वाहिश परवीन दूसरे और नुरेशा खातून तीसरे स्थान पर रहीं
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के राजपुर प्रखंड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में गुरुवार को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कक्षा 3, 4 एवं 5 के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. खास बात यह रही कि बच्चों ने मेहंदी की आकर्षक डिजाइनों के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी उकेरा.
प्रतियोगिता में बच्चों की हथेलियां सिर्फ मेहंदी के रंगों से नहीं सजीं, बल्कि उन पर पर्यावरण संरक्षण की चिंता भी नजर आई. छात्र-छात्राओं ने “Save Water, Save Life”, “एक पेड़ मां के नाम” और “जल-जीवन-हरियाली” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन मेहंदी के माध्यम से प्रस्तुत किए. इन संदेशों के जरिए बच्चों ने जल बचाने, अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया.
शबनम ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में शबनम खातून ने प्रथम स्थान हासिल किया. ख्वाहिश परवीन द्वितीय और नुरेशा खातून तृतीय विजेता रहीं. विजेताओं के साथ सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता की शिक्षकों ने सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया.
शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
विद्यालय के प्रधान शिक्षक धनंजय, वरीय शिक्षक सौलत महमूद खान सहित शिक्षक गौरव यदुवंशी, जमशेद आलम, शमशाद आलम, शाइस्ता परवीन एवं जावेद खान मौजूद रहे. शिक्षकों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकार की भावना भी विकसित करती हैं.
प्रधान शिक्षक धनंजय ने कहा कि मेहंदी जैसी रचनात्मक गतिविधि के माध्यम से बच्चों को जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास सराहनीय है. प्रतियोगिता पूरे उत्साह और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुई.






.png)













0 Comments