कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करना है.

- 11 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
- राष्ट्रभक्ति के गीतों से गूंज उठा महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : आजादी के 80वें वर्ष के जश्न से पहले बक्सर में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना कि महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के सुरों से गूंज उठा. भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा की ओर से राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की मौजूदगी रही.
देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा कैंपस
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि और सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ. इसके बाद मंच पर विद्यार्थियों ने एक के बाद एक राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत समूहगान प्रस्तुत किए. बच्चों के सुर, लय, ताल और अनुशासन के शानदार तालमेल ने पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया.
प्रतियोगिता में एम.पी. हाई स्कूल, प्रोजेक्ट बालिका हाई स्कूल इटाढ़ी, एस.पी. विद्या मंदिर स्कूल, राम जानकी विद्या मंदिर, फाउंडेशन स्कूल, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल, ग्लोबल विजडम स्कूल, हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर और सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड सिविल लाइन के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
मंच पर दिखा टैलेंट, तालियों से गूंजा हॉल
शास्त्रीय संगीत की आधारभूमि पर विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. बच्चों की प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक भाव साफ नजर आया. दर्शकों ने भी तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया.
प्रतियोगिता का मूल्यांकन सुकृति मिश्रा, अनुराग मिश्रा एवं शुभम कुमार के निर्णायक मंडल ने किया. निर्णायकों ने स्वर, लय, ताल, अनुशासन और समूह के सामंजस्य के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया.
प्रतियोगिता में चमका बच्चों का हुनर
प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन ने प्रथम स्थान हासिल किया. एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर ने द्वितीय तथा हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र और मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया.
कैंब्रिज सीनियर विंग के छात्रों ने भी छोड़ी छाप
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में कैंब्रिज सीनियर विंग के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. सत्यम पांडेय, आर्य कुमार, आदित्य नारायण, सिद्धांत राय, गौतम कुमार और शिवम कुमार ने समूहगान के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों की तैयारी में संगीत शिक्षक राजेंद्र पांडेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी विद्यार्थियों और संगीत शिक्षक को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
अतिथियों के संदेश ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण भी अतिथि के रूप में शामिल हुए. उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण और पुलिस उपाधीक्षक गौरव पाण्डेय ने अपने संबोधन से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया. उनके संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ गया.
राष्ट्रप्रेम को संस्कार से जोड़ना मकसद
भारत विकास परिषद विश्वामित्र शाखा की अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं है, बल्कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा.
बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय महासचिव मुकेश कुमार, प्रांतीय प्रबंधन संयोजक राधिकांत शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र ठाकुर, महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के प्राचार्य के.के. सिंह, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, पुलिस उपाधीक्षक गौरव पाण्डेय, नगर परिषद बक्सर की अध्यक्षा कमरून निशा और चौसा पंचायत समिति की प्रखंड प्रमुख सुनीता राय सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.
टीमवर्क से सक्सेसफुल हुआ पूरा आयोजन
आयोजन को सफल बनाने में भारत विकास परिषद विश्वामित्र शाखा के सदस्यों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सचिव मनोज दुबे, कोषाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय, संजय राय, विपीन कुमार, मीरा सिंह, मंझू तिवारी, सरोज, अखिलेश, अमित, विकास कौशिक, भरत वर्मा सहित शाखा के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया.
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अखिलेश पांडेय ने किया. उनके कुशल संचालन ने पूरे आयोजन को जीवंत और गरिमापूर्ण बनाए रखा. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
वीडियो :





.png)














0 Comments