हॉकी के महान खिलाड़ी और प्रसिद्ध ओलंपियन मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई. मैदान में उतरते ही विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
- मैदान में दिखा जोश, अनुशासन और टीम भावना, खेलों के महत्व पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
- स्क्रीन से दूरी, मैदान से दोस्ती का संदेश; विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देने का दिलाया भरोसा
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हेरिटेज स्कूल, बक्सर का परिसर शनिवार को पढ़ाई के साथ खेलों के रंग में रंगा नजर आया. हॉकी के महान खिलाड़ी और प्रसिद्ध ओलंपियन मेजर ध्यानचंद की स्मृति में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई. मैदान में उतरते ही विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना और खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
कबड्डी के मैदान में दिखा दमखम
कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला. खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया. साथी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते विद्यार्थियों की आवाजों से विद्यालय परिसर गूंजता रहा.
खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का जरिया
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच खेलों के महत्व को लेकर परिचर्चा भी हुई. उन्हें बताया गया कि खेल केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास, धैर्य और सहयोग की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं. खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक हैं.
डिजिटल दुनिया से निकलकर मैदान में आएं बच्चे
विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेल बेहद जरूरी हैं. खेलों से बच्चों में नई चीजें सीखने और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है. उन्होंने कहा कि आज बच्चे डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में अधिक समय बिता रहे हैं, ऐसे में उन्हें स्क्रीन से दूरी बनाकर मैदान में शारीरिक गतिविधियों की ओर बढ़ना चाहिए.
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी एवं निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार खेल का चयन कर नियमित अभ्यास करना चाहिए. विद्यालय की ओर से उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं कोचिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को निखारकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन कर सकें.
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी जीवन का अहम हिस्सा बनाने का संदेश दिया. विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से मैदान में सक्रिय रहने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.






.png)











0 Comments