गंगा उफान पर, चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंचा पानी; केशवपुर में तटबंध के पास पहुंची धारा ..

उफनती गंगा में स्नान, तैराकी, नौका विहार और रील या वीडियो बनाने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया है. बच्चों को नदी और जलभराव वाले इलाकों में नहीं जाने देने तथा मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है.





                             



  • 34 सेंटीमीटर नीचे चेतावनी स्तर, दियारा में दहशत; प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे जाने पर रोक
  • तटबंध के करीब पहुंचा पानी तो बढ़ी धड़कन, बाढ़ और कटाव को लेकर बढ़ी चिंता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच बक्सर में गंगा अब चेतावनी स्तर के बेहद करीब पहुंच गई है. गुरुवार दोपहर 12:23 बजे केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर 58.98 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 59.32 मीटर से महज 34 सेंटीमीटर नीचे है. जलस्तर बढ़ने के साथ सिमरी प्रखंड के केशवपुर में गंगा का पानी बक्सर-कोईलवर तटबंध के काफी करीब पहुंच गया है, जिससे दियारा क्षेत्र के लोगों में बाढ़ और कटाव को लेकर चिंता बढ़ गई है.

केशवपुर में गंगा की धारा तटबंध के काफी नजदीक पहुंचने से आसपास के ग्रामीण नदी की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं. पानी बढ़ने की रफ्तार जारी रही तो तटबंध पर दबाव बढ़ने और आसपास के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. खेतों में लगी मक्का समेत खरीफ फसलों को भी नुकसान का खतरा मंडरा रहा है.

पुरानी बाढ़ की यादों ने बढ़ाई चिंता

गंगा का बढ़ता जलस्तर दियारा के लोगों को पिछली भयावह बाढ़ की याद दिला रहा है. बक्सर सदर, सिमरी और ब्रह्मपुर प्रखंड के नदी किनारे बसे इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों को सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि पानी और बढ़ा तो खेतों के साथ गांवों तक पहुंचने वाले रास्ते भी प्रभावित हो सकते हैं. कई दियारा गांवों में बाढ़ की स्थिति बनने पर नाव ही आवागमन का प्रमुख सहारा बनती है.

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिला पदाधिकारी साहिला ने गुरुवार को रामरेखा घाट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने रामरेखा घाट पर मौजूद कंट्रोल रूम को लाइट एंड साउंड के समीप स्थापित कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर सांकेतिक चिह्न लगाने का भी निर्देश दिया गया है.

रील और नौका विहार से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से घाटों, नदी किनारे और डूब वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है. उफनती गंगा में स्नान, तैराकी, नौका विहार और रील या वीडियो बनाने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया है. बच्चों को नदी और जलभराव वाले इलाकों में नहीं जाने देने तथा मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है.

अफवाहों से बचें, हेल्पलाइन पर दें सूचना

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है. किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06183-223333 पर दी जा सकती है.

फिलहाल गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 60.32 मीटर से नीचे है, लेकिन चेतावनी स्तर से महज 34 सेंटीमीटर दूर पहुंच चुका पानी और केशवपुर में तटबंध के करीब पहुंचती गंगा ने दियारा क्षेत्र में चिंता की लहर पैदा कर दी है. अब लोगों की निगाहें गंगा के अगले जलस्तर और मौसम के मिजाज पर टिकी हैं.












Post a Comment

0 Comments