कहा कि केंद्र से राशि आवंटित होने के बावजूद यदि राज्य स्तर पर जमीन अधिग्रहण का मामला लंबित है तो इसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए.

डॉ. स्नेहाशीष वर्धन बोले- जनप्रतिनिधि जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दें, सरकार पर बनाएं दबाव
मुख्य सड़क और बाईपास निर्माण की मांग को लेकर धरना जारी, 24 घंटे बाद भूख हड़ताल की चेतावनी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : डुमरांव की बदहाल मुख्य सड़क, बाईपास निर्माण, जलजमाव और जर्जर संपर्क मार्गों को लेकर स्वयं शक्ति संगठन का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी जारी रहा. धरना स्थल पर पहुंचे बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने आंदोलन का समर्थन करते हुए डुमरांव विधायक राहुल सिंह से इन मुद्दों पर प्रभावी पहल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए, न कि केवल सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी छवि चमकाना.
विधायक राहुल सिंह से सरकार पर दबाव बनाने की अपील
डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि डुमरांव की मुख्य सड़क की हालत किसी से छिपी नहीं है. लंबे समय से बाईपास निर्माण की बात हो रही है, लेकिन जमीन अधिग्रहण और निर्माण की प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि बाईपास के लिए जमीन अधिग्रहण राज्य सरकार के स्तर का मामला है. ऐसे में डुमरांव विधायक राहुल सिंह को राज्य सरकार पर दबाव बनाकर प्रक्रिया में तेजी लाने की पहल करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि केंद्र से राशि आवंटित होने के बावजूद यदि राज्य स्तर पर जमीन अधिग्रहण का मामला लंबित है तो इसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए. केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डुमरांव की जनता को जर्जर मुख्य सड़क से राहत दिलाने की जरूरत है.
एनएच-120 पर जल्द काम शुरू कराने की मांग
स्वयं शक्ति संगठन की पांच सूत्री मांगों में राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग प्रमुख है. इसके साथ राज उच्च विद्यालय खेल मैदान से जल निकासी और सौंदर्यीकरण, जंगली शिव मंदिर से नया भोजपुर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग को सुविधायुक्त बनाने, बाईपास निर्माण में तेजी लाने तथा अनुमंडल से ढकाईच की ओर जाने वाली सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की गई है.
24 घंटे बाद भूख हड़ताल की चेतावनी
धरने का नेतृत्व कर रहे स्वयं शक्ति संगठन के धीरज मिश्र और राजन तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की ओर से मांगों पर ठोस पहल नहीं की गई तो 24 घंटे बाद आंदोलन को भूख हड़ताल में बदल दिया जाएगा. संगठन का कहना है कि डुमरांव के लोग वर्षों से सड़क और बाईपास की समस्या झेल रहे हैं और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा.
स्थानीय नेताओं ने भी दिया समर्थन
धरना स्थल पर विभिन्न संगठनों के स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया. इस दौरान अम्बरीश पाठक, छात्र नेता रंजन ओझा, मनीष मिश्र, बिट्टू चौधरी, शौर्य केशरी, रंजीत यादव, पीयूष उपाध्याय, अशोक राय, मनोज राय और कल्याण तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे.





.png)










0 Comments