इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग खुलवाने दिल्ली पहुंचे विधायक, रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड चेयरमैन से की मुलाकात ..

लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है. उन्होंने क्रॉसिंग को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए इसे जल्द खोलने की मांग की.





                             



  • एलसी गेट 70B/T को दोबारा खोलने की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन, प्रक्रिया फास्ट-ट्रैक करने का भरोसा
  • बक्सर स्टेशन के आधुनिकीकरण और रेल कनेक्टिविटी के मुद्दे भी बैठक में उठाए

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को दोबारा खोलने की मांग को लेकर बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने दिल्ली का रुख किया. शुक्रवार को नई दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर एलसी गेट संख्या 70B/T को आम लोगों के लिए फिर से खोलने की मांग प्रमुखता से रखी. विधायक ने इस संबंध में अधिकारियों को आधिकारिक मांग पत्र भी सौंपा.

रेल मंत्री के सामने रखी आम लोगों की परेशानी

विधायक आनंद मिश्र ने रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड चेयरमैन को बताया कि इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से बक्सर शहर और आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है. उन्होंने क्रॉसिंग को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए इसे जल्द खोलने की मांग की.

विधायक कार्यालय के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए एलसी गेट संख्या 70B/T को खोलने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर फास्ट-ट्रैक करने का आश्वासन दिया.
गुमटी खुलने से जाम से राहत की उम्मीद

इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद शहर के कई वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है. इससे लोगों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है. क्रॉसिंग के दोबारा खुलने से इटाढ़ी और आसपास के क्षेत्रों से बक्सर शहर आने-जाने वाले लोगों को सीधी सुविधा मिलने के साथ यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है.

बक्सर स्टेशन के आधुनिकीकरण पर भी हुई चर्चा

बैठक के दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने से संबंधित पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर भी चर्चा हुई. विधायक ने बक्सर की रेल सुविधाओं को और मजबूत करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे.

IRFC से CSR फंड का मिला भरोसा

दिल्ली दौरे के दौरान विधायक आनंद मिश्र ने भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज कुमार दुबे से भी मुलाकात की. इस दौरान बक्सर में प्रस्तावित जनकल्याणकारी और सामाजिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा हुई.

विधायक कार्यालय के अनुसार, IRFC के सीएमडी ने बक्सर में प्रस्तावित सार्वजनिक कल्याणकारी पहलों के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग खोलने की मांग को लेकर विधायक की दिल्ली में हुई यह पहल अब बक्सरवासियों की उम्मीद से जुड़ गई है. लोगों को उम्मीद है कि रेलवे की ओर से प्रक्रिया तेज होने के बाद जल्द ही बंद क्रॉसिंग को खोलने की दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा.












Post a Comment

0 Comments