वार्षिक पंचित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मां महाकाली की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर मां के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तों की आस्था से गूंजता रहा.

- वार्षिक पूजन महोत्सव में उमड़ी भीड़, भजन-कीर्तन से देर तक गूंजता रहा मंदिर परिसर
- 31 अगस्त को मां की प्रतिमा के विसर्जन के साथ संपन्न होगा महोत्सव
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के स्टेशन रोड स्थित वार्ड संख्या 20 के गजाधरगंज में शुक्रवार को श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव 2026 श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ. श्री महाकाली मंदिर परिसर में आयोजित वार्षिक पंचित पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मां महाकाली की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर मां के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तों की आस्था से गूंजता रहा.
जयकारों से गूंजता रहा मंदिर परिसर
श्री महाकाली पूजा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए. मां महाकाली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की.
13 अगस्त से चल रहा धार्मिक अनुष्ठान
समिति के अनुसार महोत्सव के तहत 13 अगस्त से 28 अगस्त तक जलार्पण का आयोजन किया गया. 19 अगस्त को मां की प्रतिमा की स्थापना हुई, जबकि 26 अगस्त को छप्पन भोग लगाया गया. शुक्रवार 28 अगस्त को वार्षिक पंचित पूजा का भव्य आयोजन हुआ.
अतिथियों को अंगवस्त्र, भक्तों में प्रसाद
कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को पूजा समिति की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. प्रसाद ग्रहण करने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
अभी दो दिन और चलेगा आस्था का उत्सव
श्री महाकाली पूजा समिति के अनुसार धार्मिक आयोजन का क्रम अभी जारी रहेगा. शनिवार 29 अगस्त को कन्या पूजन के साथ पारंपरिक खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा. इसके बाद 31 अगस्त को मां की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे मां की आरती एवं श्रृंगार और शाम 7 बजे आरती का आयोजन किया जा रहा है.
श्रद्धालुओं के सहयोग से हर साल होता है आयोजन
पूजा समिति के सचिव राहुल कुमार ने बताया कि मां श्री महाकाली की असीम कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रतिवर्ष पूजन महोत्सव का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में भाग लिया, जिससे महोत्सव की भव्यता और बढ़ गई.
आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष विजय कुमार राउत, कोषाध्यक्ष रोहित गुप्ता (डब्बू), उपाध्यक्ष बिपुल कुमार बंटी, डॉ. ज्ञानेश्वर सिंह, उप सचिव सुभाष कुमार, उप कोषाध्यक्ष सरोज कुमार, दीपक गुप्ता, दुर्गेश यादव, बजरंगी ठाकुर, महेश कुमार अधिवक्ता, अभिषेक कुमार, निखिल कुमार, आर्यन गुप्ता एवं संतोष चौरसिया सहित समिति के अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
श्रद्धा, भक्ति, भजन-कीर्तन, जयकारों और प्रसाद वितरण के बीच आयोजित श्री महाकाली वार्षिक पूजन महोत्सव ने गजाधरगंज को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया.





.png)
















0 Comments