बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी और उत्साह ने विद्यालय परिसर में खास माहौल बना दिया. शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को लेकर खुलकर विचार साझा किए.

- उर्दू प्राथमिक विद्यालय खीरी में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में उमड़ा उत्साह, बच्चों की पढ़ाई और प्रतिभा पर हुई खुलकर चर्चा
- अभिभावकों की भागीदारी को ‘Parents of the Month’ तो छात्रा सुमन को ‘Student of the Month’ सम्मान
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित न रहे, बल्कि खेल, गतिविधियों और आपसी संवाद के जरिए बच्चों के लिए सीखने का अनुभव और भी रोचक बने. इसी सोच के साथ शनिवार को उर्दू प्राथमिक विद्यालय, खीरी में ‘खेलो और सीखो’ थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी और उत्साह ने विद्यालय परिसर में खास माहौल बना दिया. शिक्षकों और अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को लेकर खुलकर विचार साझा किए.
विद्यालय और घर के बीच मजबूत हो संवाद
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका पर चर्चा के साथ हुई. प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्रा ने कहा कि बच्चे के बेहतर भविष्य की नींव सिर्फ विद्यालय में नहीं, बल्कि घर और विद्यालय के सामूहिक प्रयास से मजबूत होती है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने, घर पर पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल बनाने और उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि खेल और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ती है. ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से जोड़ना है.
अभिभावकों और छात्रा को मिला खास सम्मान
PTM के दौरान अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और विद्यालय की गतिविधियों में उनके सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए ‘Parents of the Month’ सम्मान की शुरुआत की गई. इस सम्मान से मंजी राम एवं समीना बेगम को सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर अभिभावकों में खुशी और उत्साह देखने को मिला.
वहीं विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कक्षा-4 की छात्रा सुमन कुमारी को ‘Student of the Month’ पुरस्कार प्रदान किया गया. सम्मानित छात्रा का उत्साह देखते ही बना. विद्यालय परिवार की ओर से सभी सम्मानित अभिभावकों और छात्रा को बधाई दी गई.
बच्चों की प्रगति पर शिक्षकों ने साझा की जानकारी
संगोष्ठी में विद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे. शिक्षकों ने अभिभावकों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति और विद्यालय में संचालित गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा की. अभिभावकों ने भी विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा और विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा. ‘खेलो और सीखो’ की सोच के साथ आयोजित यह PTM महज बैठक नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों की साझेदारी को मजबूत करने की सार्थक पहल बनकर सामने आई.





.png)












0 Comments