बाजार समिति रोड पर सड़क हादसा : मृतक की हुई पहचान, वाहन और चालक की तलाश जारी ..

तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

 





                             


  • मंगलवार सुबह पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर, मौके पर हुई थी मौत
  • सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही नगर थाना पुलिस. चालक तक पहुंचने के प्रयास तेज

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है. मृतक अर्जुनपुर गांव निवासी चंद्रबिंदु पासवान थे. वह किसी परिचित की स्कूटी पर सवार होकर रास्ते से जा रहे थे, तभी एक ओवरटेक करने के क्रम में ऊंची नीची सड़क पर उनकी स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गए महज तीन सेकेंड के इस हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंद्रबिंदु पासवान किसी अन्य व्यक्ति की स्कूटी पर सवार होकर रास्ते से जा रहे थे. इसी दौरान ऊंची नीची  सड़क के वजह से स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह ट्रैक्टर ट्राली के पहिये के नीचे चले आएं. उनका सिर कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. इस मामले में सबसे आश्चर्यजनक बात यह रही कि घटना के बाद जहां ट्रैक्टर चालक कुछ देर रुकने के बाद निकल गया वहीं स्कूटी सवार भी कुछ देर बाद स्कूटी लेकर भाग गया.

शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की. बाद में उनकी पहचान अर्जुनपुर गांव निवासी चंद्रबिंदु पासवान के रूप में हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान चंद्रबिंदु पासवान के रूप में हुई है. वह बक्सर में काम करते थे और इसी सिलसिले में शहर आए हुए थे. उन्होंने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. साथ ही अन्य तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर भी अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है.

बताया जाता है कि चंद्रबिंदु पासवान का विवाह हाल ही में हुआ था. उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. नवविवाहित पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अर्जुनपुर गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि दुर्घटना या संबंधित वाहन के बारे में किसी के पास कोई जानकारी हो तो नगर थाना को सूचित करें. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन तथा चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.













Post a Comment

0 Comments