शाम को खेत देखकर किसान अपने घर लौट गए. इसी दौरान देर रात चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठाया और ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारकर उसमें से तांबा समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिया. इसके बाद बचे हुए पार्ट्स को खेत में इधर-उधर फेंक दिया.

- धनसोई थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात : बिजली का ट्रांसफॉर्मर ही चुरा ले गए चोर
- तांबा और कीमती सामान निकालकर पार्ट्स खेत में फेंके, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के डेहरिया गांव के बधार में चोरों ने चोरी की ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने किसानों के साथ-साथ बिजली कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. चोर रात के अंधेरे में खेत के पास लगा बिजली कंपनी का पूरा कृषि ट्रांसफॉर्मर ही खोलकर ले गए. बुधवार सुबह ट्रांसफॉर्मर गायब मिला तो किसानों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम तक राधेश्याम पांडेय के खेत के पास ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ था. खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण किसानों ने मोटर बंद कर रखी थी. शाम को खेत देखकर किसान अपने घर लौट गए. इसी दौरान देर रात चोरों ने सन्नाटे का फायदा उठाया और ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारकर उसमें से तांबा समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिया. इसके बाद बचे हुए पार्ट्स को खेत में इधर-उधर फेंक दिया.
किसानों के मुताबिक, ‘हर खेत तक बिजली’ योजना के तहत लगाए गए इस ट्रांसफॉर्मर से धान की रोपाई और सिंचाई में काफी मदद मिल रही थी. अभी खेतों में पानी है, लेकिन पानी सूखने के बाद ट्रांसफॉर्मर नहीं रहने से सिंचाई का संकट खड़ा हो सकता है.
घटना से नाराज शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल, जय प्रकाश पटेल समेत अन्य किसानों ने विरोध जताया. किसानों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इलाके में बिजली के खंभों से तार चोरी हुए थे. पिछली घटनाओं का खुलासा नहीं होने से अब ट्रांसफॉर्मर चोरी की वारदात ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है.
सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. घटना के बाद धनसोई और राजपुर थाना पुलिस अलर्ट मोड में है. दोनों थाना क्षेत्रों से जुड़े गांवों में संदिग्धों की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
शंकर पांडेय की रिपोर्ट





.png)










0 Comments