विधि-विधान से वार्षिक पूजन यानी सालाना पंचित पूजा शुरू हुई. वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां काली की पूजा की गई. इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही.
शुक्रवार को वार्षिक पूजन से लेकर कन्या पूजन तक दिखा भक्ति का रंग, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रात 8 बजे महाआरती और छप्पनभोग बना आकर्षण का केंद्र, मां के दरबार में देर रात तक जुटे रहे भक्त
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर के मुसाफिरगंज का माहौल कुछ अलग ही नजर आया. चारों तरफ भक्ति, श्रद्धा और मां काली के जयकारों की गूंज... मंदिर परिसर में उमड़ते श्रद्धालु और महाआरती के दौरान जगमगाता मां का दरबार. मौका था श्री महाकाली वार्षिक पूजनोत्सव-2026 का, जहां शुक्रवार को आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
मां काली के जयकारों और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि के बीच पूरा मुसाफिरगंज भक्तिमय नजर आया. श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख-शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की.
सुबह से शुरू हुआ पूजा-अर्चना का सिलसिला
वार्षिक पूजनोत्सव के तहत शुक्रवार की सुबह विधि-विधान से वार्षिक पूजन यानी सालाना पंचित पूजा शुरू हुई. वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां काली की पूजा की गई. इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही.
पूजन के दौरान “सर्वमङ्गलमङ्गल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरि नारायणि नमोऽस्तु ते” के मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक हो उठा.
कन्या पूजन में दिखी श्रद्धा, भंडारे में जुटी भीड़
वार्षिक पूजा संपन्न होने के बाद कन्या पूजन का आयोजन किया गया. कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया और प्रसाद अर्पित किया गया. इसके बाद शाम 4 बजे से भंडारे का आयोजन हुआ.
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं ने व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराया. भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में लगातार चहल-पहल बनी रही.
रात में मां के दरबार में सजा छप्पनभोग
पूरे आयोजन का सबसे आकर्षक क्षण रात 8 बजे आया, जब महाआरती और छप्पनभोग का आयोजन किया गया. मां काली को छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए गए. महाआरती शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई.
घंटा-घड़ियाल और जयकारों के बीच जब मां काली की महाआरती हुई तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. श्रद्धालु हाथ जोड़कर मां की आराधना करते रहे और मां के जयकारे लगाते रहे.
21 अगस्त से चल रहा था धार्मिक अनुष्ठान
श्री महाकाली पूजा समिति के अनुसार इस वर्ष का पूजनोत्सव 21 अगस्त से शुरू हुआ था. पहले दिन जल अर्पण और पाठ की शुरुआत की गई थी. प्रतिदिन शाम 7 बजे संध्या आरती आयोजित की जा रही थी.
26 अगस्त को सुंदरकांड पाठ तथा 27 अगस्त को शिवचर्चा एवं खीर प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ. शनिवार 29 अगस्त को कलश विसर्जन के साथ पूजनोत्सव का समापन होगा.
समिति और ग्रामीणों ने संभाली पूरी व्यवस्था
पूरे आयोजन को सफल बनाने में श्री महाकाली पूजा समिति, मुसाफिरगंज के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, संरक्षक मंडल तथा स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
आरती संचालन में अमित कुमार रौनियार, आशीष कुमार गुप्ता, विनोद ठाकुर और शुभम कुमार वर्मा सक्रिय रहे.
आयोजन में अध्यक्ष मनोज सिंह, सचिव सुप्रभात गुप्ता (बिट्टू), कोषाध्यक्ष राजकमल गुप्ता (लाली), उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, उप सचिव जगनारायण केशरी, उप कोषाध्यक्ष मनीष गुप्ता (मोनू), मुख्य व्यवस्थापक किरण वर्मा, व्यवस्थापक गुड्डू कुमार चौधरी, राजेन्द्र गुप्ता, पवन कुमार वर्मा समेत समिति के अन्य सदस्यों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही.
मुसाफिरगंज में शुक्रवार की रात मां काली के दरबार में उमड़ा यह आस्था का सैलाब देर तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.






.png)
















0 Comments