वीडियो : गंगा ने दिखाया रौद्र रूप! खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा पानी, बक्सर में 19 नावें तैनात ..

गंगा का पानी खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पिछले दो घंटे में करीब एक सेंटीमीटर की रफ्तार से पानी बढ़ने की जानकारी सामने आई है.






                             


  • शाम छह बजे 60.42 मीटर दर्ज हुआ जलस्तर, दो घंटे में करीब एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा पानी
  • चार अंचलों के प्रभावित इलाकों में प्रशासन अलर्ट, एसडीआरएफ और पुलिस की तैनाती

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गंगा के बढ़ते जलस्तर ने बक्सर में चिंता बढ़ा दी है. गुरुवार शाम छह बजे नदी का जलस्तर 60.42 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 60.32 मीटर है. इस तरह गंगा का पानी खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पिछले दो घंटे में करीब एक सेंटीमीटर की रफ्तार से पानी बढ़ने की जानकारी सामने आई है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने चार अंचलों के प्रभावित इलाकों में कुल 19 नावें तैनात कर रखी हैं.

बक्सर अंचल के छोटका नुआंव पंचायत के गोविंदपुर में दो, चौसा के बनारपुर में दो, ब्रह्मपुर के उत्तरी नैनीजोर पंचायत के ढाबी और गजाधर डेरा में छह तथा सिमरी अंचल के गंगौली और राजपुर परसनपाह पंचायत के विभिन्न डेरों में नौ नावें लगाई गई हैं. चौसा के बनारपुर में 80 पॉलीथीन शीट का वितरण भी किया गया है.

एसडीएम बोले- स्थिति नियंत्रण में

एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि प्रशासन पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी कर रहा है. जरूरत वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जा रही है. चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर पानी आने की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है.

उन्होंने कहा कि यदि पानी सड़कों तक पहुंचता है तो लोगों की आवाजाही के लिए नाव उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं घरों में पानी प्रवेश करने की स्थिति में आपदा प्रबंधन के मानकों के अनुसार पॉलीथीन शीट उपलब्ध कराई जाएगी.

घाटों पर एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं और रामरेखा घाट समेत संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. बक्सर-कोईलवर तटबंध की 24 घंटे निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं.

प्रशासन ने लोगों से नदी और घाटों से दूर रहने, बच्चों को पानी के पास नहीं जाने देने तथा सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के अफवाह या भ्रामक जानकारी नहीं फैलाने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए निगरानी और राहत-बचाव की तैयारियां जारी हैं.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments