रक्तदान कर 22 रक्तवीरों ने दिया जीवन बचाने का संदेश, पहुंची आरा सदर अस्पताल की टीम ..

सुबह 10 बजे से आयोजित शिविर में 22 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की. खास बात यह रही कि शिविर में बक्सर नहीं बल्कि आरा सदर अस्पताल की टीम रक्त संग्रहण के लिए पहुंची थी.

 





                             


  • मारवाड़ी सम्मेलन और ब्लड बक्सर के सहयोग से आयोजित हुआ रक्तदान शिविर
  • रक्त की कमी दूर करने के लिए युवाओं से आगे आने की अपील, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : रक्त का कोई विकल्प नहीं है और जरूरत के समय इसकी एक बूंद भी किसी की जिंदगी बचा सकती है. इसी उद्देश्य को लेकर बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बक्सर शाखा और ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग ब्लड बक्सर के सहयोग से गुरुवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. जगनारायण गोयल स्मृति भवन, बक्सर में सुबह 10 बजे से आयोजित शिविर में 22 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की. खास बात यह रही कि शिविर में बक्सर नहीं बल्कि आरा सदर अस्पताल की टीम रक्त संग्रहण के लिए पहुंची थी.

शिविर का उद्घाटन बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रोहतास गोयल, प्रांतीय उपाध्यक्ष पंकज मानसिंगका, सचिव सुमित कुमार मानसिंगका, रेड क्रॉस के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, ओम जी यादव सेवक एवं भाजपा नेता सौरभ कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर ब्लड बक्सर के संस्थापक-संचालक प्रियेश, कैंप समन्वयक नसीम नायक, आदिल खान एवं अमन अली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.

शिविर में सौरभ कुमार तिवारी, राजा बाबू, अभिषेक लोहिया, शुभम कुमार, शाश्वत जायसवाल, जितेंद्र कुमार, विकास चौधरी, अंकित जायसवाल, विश्वामित्र शर्मा, जफ्फर अहमद, आदित्य केजरीवाल, रोहित चौरसिया, कृष्णा जायसवाल, सैफ अली, संतोष शंकर देशमुख, अमर शर्मा, उत्तम शर्मा, विवेक शर्मा, प्रकाश वर्मा, विशाल गुप्ता एवं रितेश कुमार ने रक्तदान किया.

रक्तदान महादान ही नहीं, जीवनदान भी

बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष रोहतास गोयल ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है. रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के कारण रक्तदान को महादान और जीवनदान कहा गया है. उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की. उन्होंने ब्लड बक्सर की ओर से चलाए जा रहे ‘नई सोच, नई परंपरा’ अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में सराहनीय पहल बताया.

बक्सर ब्लड बैंक की व्यवस्था पर उठाए सवाल

सम्मेलन के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष पंकज मानसिंगका ने कहा कि बक्सर सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी के कारण इस बार रक्तदान शिविर का आयोजन आरा सदर अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना भी जरूरी है.

उन्होंने कहा कि रक्तदान से पहले और बाद में रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है. इसमें रक्तचाप, नाड़ी, तापमान और हीमोग्लोबिन की जांच शामिल है. इसके अलावा रक्त में एचआईवी, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और सिफिलिस जैसे संक्रमणों की भी जांच की जाती है. नियमित रूप से रक्तदान करने से व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की प्राथमिक स्थिति की जानकारी भी मिलती रहती है.

रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र से किया सम्मानित

सचिव सह रक्तदान प्रमुख सुमित मानसिंगका ने कहा कि रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं की सुरक्षा और संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. उन्होंने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर किया जा सके, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके.

शिविर के दौरान रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. शिविर को सफल बनाने में आरा, भोजपुर ब्लड बैंक के डॉ. अमन राज, आदित्य कुमार, अनिल कुमार, पिंकी कुमारी (एएनएम), भूपेंद्र कुमार सिंह, पिंकी कुमारी (जीएनएम), सविता कुमारी, प्रिंस एवं पवन सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.













Post a Comment

0 Comments