बक्सर में नंदोत्सव की भक्ति में डूबे श्रद्धालु, 108 भोग और महाआरती ने बनाया दिव्य माहौल ..

शुरुआत भक्तिमय हरिनाम संकीर्तन और कीर्तन से हुई. जैसे-जैसे हरे कृष्ण महामंत्र की धुन तेज होती गई, पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर होता चला गया. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण किया.





                             


  • इस्कॉन बक्सर सिटी के भव्य आयोजन में गूंजा हरे कृष्ण महामंत्र, श्रीकृष्ण की लीलाओं ने किया भाव-विभोर
  • अभिषेक, कीर्तन, नाटक और महाप्रसाद के बीच सपरिवार पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : भगवान श्रीकृष्ण के पावन नंदोत्सव के अवसर पर इस्कॉन बक्सर सिटी की ओर से रविवार 6 सितंबर को कोइरपुरवा स्थित शहनाई पैलेस में भव्य नंदोत्सव महोत्सव का आयोजन किया गया. नगर परिषद के पीछे आयोजित इस धार्मिक उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे और भक्ति, संगीत तथा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं में डूब गए.

कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय हरिनाम संकीर्तन और कीर्तन से हुई. जैसे-जैसे हरे कृष्ण महामंत्र की धुन तेज होती गई, पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर होता चला गया. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से कीर्तन में भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण किया.

भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य अभिषेक

महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत दिव्य अभिषेक किया गया. इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान के दर्शन किए. इसके बाद भगवान को 108 प्रकार के भोग अर्पित किए गए, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा.

श्रीकृष्ण की लीलाओं ने मोहा मन

धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का मंचन किया गया. नाट्य प्रस्तुतियों ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया. भगवान की लीलाओं को मंच पर जीवंत होते देख उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे.

महाआरती में गूंज उठा पूरा परिसर

महोत्सव का सबसे आकर्षक क्षण भव्य महाआरती रही. महाआरती के दौरान पूरा परिसर हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे और हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे के पवित्र महामंत्र से गुंजायमान हो उठा. भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

महाप्रसाद के साथ हुआ आयोजन का समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. इस्कॉन बक्सर सिटी की ओर से बताया गया कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में भक्ति, प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ भारतीय सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है.













Post a Comment

0 Comments