60.21 मीटर पर पहुंचा जलस्तर, 60.32 मीटर है खतरे का निशान
भारी बारिश की चेतावनी के बीच दियारा इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी, नाव और बचाव दल तैयार
बक्सर. गंगा नदी का जलस्तर बक्सर में खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचने के बाद फिलहाल 60.21 मीटर पर स्थिर बताया गया है. खतरे का निशान 60.32 मीटर है, यानी गंगा का पानी इससे महज 11 सेंटीमीटर नीचे है. जलस्तर में लगातार वृद्धि और जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट मोड में है. इसी बीच जिलाधिकारी साहिला ने तटवर्ती लाल सिंह का डेरा क्षेत्र का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया.
गंगा किनारे पहुंचीं डीएम साहिला
बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी साहिला ने लाल सिंह का डेरा क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों और संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नदी के जलस्तर और तटवर्ती इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए.
नाव, नाविक और गोताखोर तैयार
सिमरी अंचल सहित संबंधित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही नाविकों और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों के सुरक्षित आवागमन और बचाव कार्य में देरी न हो.
24 घंटे तटबंधों पर निगरानी
संभावित बाढ़ को देखते हुए तटबंधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों को भी मुस्तैद रखा गया है. प्रशासन का फोकस खास तौर पर बक्सर, चौसा, सिमरी, चक्की और ब्रह्मपुर के दियारा क्षेत्रों पर है.
भारी बारिश की चेतावनी ने बढ़ाई चिंता
मौसम सेवा केंद्र की ओर से 2 सितंबर तक जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने की तैयारी में जुटा है.
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी तट, जलभराव वाले क्षेत्रों और तटबंधों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है. घाटों पर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से बचने को कहा गया है. किसी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई नावों का ही इस्तेमाल करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है.
फिलहाल गंगा का जलस्तर 60.21 मीटर पर स्थिर है, लेकिन खतरे के निशान से बेहद कम अंतर और बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है.
0 Comments