30 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत बेलवाल के निर्देशानुसार सत्र 2026 के लिए कैडेट्स के चयन को लेकर शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई.

- एमवी कॉलेज में शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा के जरिए हुआ कैडेट्स का चयन
- तीन साल की एनसीसी ट्रेनिंग, पाठ्यक्रम और फायदे की दी गई जानकारी
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : देशसेवा और अनुशासन की भावना से जुड़ने का सपना लेकर सोमवार को एमवी कॉलेज बक्सर में 124 छात्र-छात्राएं एनसीसी चयन परीक्षा में शामिल हुए. 30 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत बेलवाल के निर्देशानुसार सत्र 2026 के लिए कैडेट्स के चयन को लेकर शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई. चयन प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों में से कुल 53 कैडेट्स का चयन किया जाना है.
शारीरिक दक्षता में परखी गई क्षमता
चयन प्रक्रिया के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया. इसके बाद लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों की योग्यता और ज्ञान का आकलन किया गया. एनसीसी में चयन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
प्राचार्य ने बढ़ाया देशसेवा का हौसला
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कृष्णा कांत सिंह ने चयन प्रक्रिया का अवलोकन किया. उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी के माध्यम से देश और समाज की सेवा के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
कर्नल हेमंत ने बताई तीन साल की प्रशिक्षण प्रक्रिया
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हेमंत बेलवाल ने अभ्यर्थियों को एनसीसी की तीन वर्षों की प्रशिक्षण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम और एनसीसी से मिलने वाले विभिन्न लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन बनाए रखने और देशहित को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया.
एनसीसी अधिकारियों और कैडेट्स ने संभाली व्यवस्था
पूरी भर्ती प्रक्रिया का संयोजन लेफ्टिनेंट डॉ. योगर्षि राजपूत ने 30 बिहार बटालियन के एसएम बिपिन कुमार, सूबेदार अरविन्द कुमार, हवलदार केके मिश्रा, ट्रेनिंग एनसीओ रवि शंकर और जीसीआई अंजलि के साथ मिलकर सफलतापूर्वक संपन्न कराया. इस दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद रहे. उन्होंने अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के साथ पूरी प्रक्रिया में अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
124 छात्र-छात्राओं के बीच से 53 कैडेट्स का चयन एनसीसी की आगामी प्रशिक्षण यात्रा के लिए किया जाएगा. चयनित कैडेट्स अगले तीन वर्षों में प्रशिक्षण के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशसेवा की भावना को और मजबूत करेंगे.





.png)










0 Comments